फेडरेशन ऑफ इंडियन पायलट्स (एफआईपी) ने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राम मोहन नायडू को पत्र लिखकर स्पाइसजेट लिमिटेड की बिगड़ती वित्तीय और परिचालन स्थिति पर ध्यान देने का आग्रह किया है। पायलट संगठन के अनुसार, यह संकट केवल एक कॉर्पोरेट वित्तीय मामला नहीं है, बल्कि इसका असर यात्रियों, एयरलाइन कर्मचारियों, पायलटों, एयरपोर्ट ऑपरेटरों, विमान पट्टे पर देने वालों और सेवा प्रदाताओं पर पड़ सकता है। पत्र में कहा गया है कि एयरलाइंस की वित्तीय स्थिति और मौजूदा नियामकीय व्यवस्था की व्यापक समीक्षा जरूरी है, ताकि वित्तीय संकट को समय रहते पहचाना जा सके, इससे पहले कि वह कामकाज और सुरक्षा से जुड़ी समस्याओं में बदल जाए।

पत्र के मुताबिक स्पाइसजेट लगातार कैश-फ्लो की समस्याओं, बढ़ते कर्ज और रोजमर्रा की वित्तीय जिम्मेदारियां निभाने में कठिनाइयों से जूझ रही है। विमान पट्टेदारों को भुगतान न होने, रखरखाव से जुड़ी दिक्कतों और पुर्जों व स्पेयर पार्ट्स की व्यवस्था में अड़चनों के कारण एयरलाइन के विमानों का बड़ा हिस्सा खड़ा है। रिपोर्टों के अनुसार पायलटों और अन्य कर्मचारियों के वेतन भुगतान में देरी हुई है और कुछ कर्मचारियों का वेतन कई महीनों से बकाया है। एयरलाइन पर एयरपोर्ट ऑपरेटरों, तेल कंपनियों, रखरखाव सेवा प्रदाताओं और विमान पट्टेदारों का भी काफी भुगतान बकाया बताया गया है। पत्र में उड़ानों के रद्द होने, देरी और शेड्यूल में गड़बड़ी से यात्रियों को हो रही परेशानी का भी जिक्र किया गया है।

इस बीच नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने 17 नवंबर, 2026 को एक कारण बताओ नोटिस जारी किया है। इसमें कामकाज में रुकावटों, नियमों का पालन न करने, बकाया भुगतान, विमानों के खड़े होने और कंपनी को उबारने के लिए कोई ठोस योजना न होने जैसे मुद्दों का जिक्र है। खबरों के मुताबिक एयरलाइन से सात दिनों के भीतर जवाब देने को कहा गया है। स्पाइसजेट बोर्ड ने वित्तीय साधनों के जरिए 5,500 करोड़ रुपये तक जुटाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है, लेकिन इन फंड्स के मिलने का समय, उनकी उपलब्धता और सही इस्तेमाल कंपनी के पुनरुद्धार के लिए अहम माना जा रहा है।

पत्र में यह भी कहा गया है कि अक्तूबर 2026 में स्पाइसजेट की घरेलू बाजार हिस्सेदारी गिरकर लगभग 0.6 प्रतिशत रह गई है, जो इसके कामकाज में आई भारी कमी को दर्शाती है। एफआईपी के अनुसार ये हालात बताते हैं कि एयरलाइन की मुश्किलें काफी गहरी हैं और इन्हें केवल थोड़े समय के लिए वित्तीय मदद देकर हल नहीं किया जा सकता।