प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को अपने नेपाली समकक्ष बालेंद्र शाह उर्फ बालेन को कई उपहार भेंट किए। इनमें कलमकारी शैली में बनी संपूर्ण रामायण चित्रावली, चंदन के डिब्बे में रखा रेशम से बना बनारसी उत्तरीय (पटका) और गंगाजल शामिल है। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार ये भेंट भारत और नेपाल के बीच गहरे धार्मिक, सांस्कृतिक और सभ्यतागत संबंधों के प्रतीक हैं।
सूत्रों ने बताया कि मोदी ने शाह को भेंट की गई चित्रावली में भगवान राम की यात्रा की प्रमुख घटनाओं को दर्शाया गया है, जिनमें उनका जन्म और वनवास से लेकर रावण पर विजय और अयोध्या वापसी तक की घटनाएं शामिल हैं। आंध्र प्रदेश की पारंपरिक श्रीकालहस्ती शैली में बांस की कलम और प्राकृतिक रंगों से सूती कपड़े पर हाथ से बनाई गई यह कलाकृति भारत की कथावाचन परंपरा, भक्ति और पारंपरिक शिल्प कौशल को दर्शाती है। यह अयोध्या को जनकपुर से जोड़ने वाले स्थायी आध्यात्मिक और सांस्कृतिक बंधन का भी प्रतीक है।
प्रधानमंत्री ने बालेन को चंदन के एक डिब्बे में बनारसी जरी उत्तरीय भी भेंट किया। वाराणसी के इस रेशमी उत्तरीय पर कुशल कारीगरों द्वारा बारीक नक्काशी और चमकते जरी का काम किया गया है। इसे गुजरात के चंदन के डिब्बे में रखा गया था, जिस पर पारंपरिक लकड़ी के काम के साथ ज्यामितीय डिजाइन की बारीक जड़ावट की गई है।
मोदी ने अपने नेपाली समकक्ष को वाराणसी से लाया गया गंगाजल भी भेंट किया, जो पीतल के कलश में रखा था। काशी विश्वनाथ मंदिर के पास गंगा नदी से जुड़ी यह भेंट वाराणसी के बाबा विश्वनाथ और काठमांडू के भगवान पशुपतिनाथ के बीच आध्यात्मिक बंधन को दर्शाने में विशेष महत्व रखती है।