गुजरात के मोरबी-राजकोट हाईवे पर सोमवार को एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क पर कई बार पलट गई। हादसे में कार सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य घायल हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मृतकों की पहचान राजकोट निवासी अमन गणेशभाई बाबरिया (25 वर्ष) और प्रभात कालूभाई लामका (28 वर्ष) के रूप में हुई है। घायल 35 वर्षीय जीवण सवाभाई डाभी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तीनों युवक मंडप डेकोरेशन का काम करते थे और इसी सिलसिले में मोरबी आ रहे थे।
हादसा टंकारा के पास हुआ। सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि कार तेज रफ्तार से जा रही थी, इसी दौरान वह अनियंत्रित होकर सड़क पर पलटने लगी। कई बार पलटी खाने के बाद कार सड़क किनारे लगे ट्रांसफॉर्मर से टकरा गई। हादसे के दौरान कार चालक और बगल की सीट पर बैठा युवक हवा में उछलकर जमीन पर गिरे, जिससे दोनों की मौत हो गई। पिछली सीट पर बैठा युवक मामूली रूप से घायल हुआ।
स्थानीय लोगों ने तीनों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
