मुंबई के वर्ली स्थित नेशनल स्पोर्ट्स क्लब ऑफ इंडिया (एनएससीआई) का खाद्य लाइसेंस महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने 23 नवंबर से तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। एफडीए की टीम ने क्लब का निरीक्षण किया, जिसमें रसोई में सफाई को लेकर गंभीर खामियां सामने आईं। जांच के दौरान किचन में मक्खियां उड़ती मिलीं और वॉश बेसिन के पास कॉकरोच घूमते नजर आए।
निरीक्षण में पाया गया कि किचन में सफाई का ध्यान नहीं रखा जा रहा था। नालियों में कॉकरोच रोकने के लिए जाल तक नहीं लगाए गए थे, जबकि स्टोर रूम और परिसर के कोनों में खाने का कचरा जमा था। खाना बनाने की जगह के पास खुले डस्टबिन रखे थे, जिससे खाने में गंदगी और कीटाणु पहुंचने का खतरा था। कच्चा सामान सही तापमान पर नहीं रखा जा रहा था, कोल्ड स्टोरेज की व्यवस्था ठीक नहीं थी और स्टोर रूम के डिब्बों पर लेबल भी नहीं लगे थे। दीवारों और छत से कण झड़ रहे थे, फर्श गंदा था और एग्जॉस्ट फैन पर धूल जमी थी।
एफडीए को सफाई से जुड़े रिकॉर्ड, उपकरणों की सफाई का ब्योरा और कच्चे सामान की खरीद के बिल नहीं दिखाए गए। खाना परोसने वाले कर्मचारियों का टीकाकरण नहीं हुआ था और कुछ कर्मचारी बिना ग्लव्स के काम कर रहे थे। ग्राहकों की शिकायतों के समाधान की भी कोई पुख्ता व्यवस्था नहीं मिली।
इसी तरह एफडीए ने फोर्ट इलाके में मुंबई यूनिवर्सिटी की एक कैंटीन का निरीक्षण किया, जहां फ्रिज में खाने-पीने की चीजें बेतरतीब रखी मिलीं और खाने के पास कचरे से भरे खुले डस्टबिन थे। कर्मचारियों के पास जरूरी यूनिफॉर्म नहीं थे और शाकाहारी व मांसाहारी खाने को अलग रखने की व्यवस्था भी नहीं थी। इन खामियों पर कैंटीन पर एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। एफडीए के मुताबिक, ब्रिटिश ब्रूइंग कंपनी प्राइवेट लिमिटेड के रेस्तरां और बार का फूड लाइसेंस भी 21 नवंबर को निलंबित किया गया था, जबकि मुंबई में छह प्रतिष्ठानों के लाइसेंस या पंजीकरण प्रमाणपत्र रद्द किए गए और पुणे डिवीजन में 21 खाद्य प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित किए गए।