भारतीय नौसेना और भारतीय तटरक्षक बल मिलकर 76 यूटिलिटी हेलिकॉप्टर खरीदने की योजना बना रहे हैं। इस खरीद की अनुमानित लागत 15 हजार करोड़ रुपए है। इन हेलिकॉप्टरों को पुराने चीता और चेतक बेड़े की जगह शामिल किया जाएगा। रक्षा सूत्रों के मुताबिक, यह प्रस्ताव जल्द ही रक्षा मंत्रालय की बैठक में चर्चा के लिए आ सकता है।

प्रस्तावित योजना के तहत नौसेना 51 और तटरक्षक बल 25 हेलिकॉप्टर खरीदेगा। इन हेलिकॉप्टरों का वजन पांच टन से ज्यादा होगा। खरीदी रक्षा बाय एंड मेक (इंडियन) श्रेणी के तहत की जाएगी। इनका निर्माण भारतीय कंपनियां विदेशी ओरिजिनल इक्विपमेंट मैन्युफैक्चरर्स (OEMs) के साथ मिलकर करेंगी। इसका उद्देश्य सरकार की मेक इन इंडिया पहल के तहत देश में हेलिकॉप्टर बनाना है। दोनों बलों को यह जरूरत मौजूदा दो इंजन वाले हेलिकॉप्टरों के संचालन में आ रही चुनौतियों के कारण महसूस हुई है।

यह प्रस्ताव तीनों रक्षा सेवाओं के पुराने हेलिकॉप्टर बेड़े को बदलने की बड़ी योजना का हिस्सा है। भारतीय थलसेना और भारतीय वायुसेना भी 400 लाइट हेलिकॉप्टर खरीदने की योजना बना रही हैं। इनमें से 200 हेलिकॉप्टर हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) बनाएगा, जबकि बाकी 200 निजी क्षेत्र की कंपनियां विदेशी OEMs के साथ साझेदारी में तैयार करेंगी। रक्षा अधिग्रहण परिषद ने हाल ही में निजी कंपनियों से बनाए जाने वाले 200 हेलिकॉप्टरों के कार्यक्रम को मंजूरी दी है और इसके लिए जल्द टेंडर जारी होने की उम्मीद है।

नौसेना की अलग हेलिकॉप्टर योजनाएं भी चल रही हैं। नौसेना ने पहले 111 नेवल लाइट यूटिलिटी हेलिकॉप्टर खरीदने का प्रस्ताव दिया था, लेकिन इस प्रोजेक्ट में ज्यादा प्रगति नहीं हो सकी। नौसेना HAL से 60 यूटिलिटी हेलिकॉप्टर मरीन खरीदने की भी योजना बना रही है, जिन्हें HAL देश में विकसित कर रहा है। तीनों रक्षा सेवाओं को मिलाकर करीब 500 लाइट हेलिकॉप्टरों की जरूरत है, जो सियाचिन से लेकर अरुणाचल प्रदेश तक की सीमाओं पर टोही और निगरानी अभियानों में अहम भूमिका निभाते हैं। नौसेना को खोज और बचाव अभियानों सहित अन्य संचालन भूमिकाओं के लिए लाइट मैरीटाइम हेलिकॉप्टरों की भी आवश्यकता है।