महाराष्ट्र की राजनीति में एनसीपी के दोनों धड़ों के विलय की चर्चा तेज है, लेकिन एनसीपी (SP) और सुनेत्रा पवार के धड़े के नेताओं ने विलय की बात से इनकार किया है। इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट के मुताबिक राजनीतिक गलियारों में कयास लगाए जा रहे हैं कि शरद पवार एनडीए में शामिल होने और विलय पर सहमति के बदले में कुछ बड़ा मांग सकते हैं। चर्चा यहां तक है कि वह अपनी बेटी सुप्रिया सुले के लिए मुख्यमंत्री पद तक मांग सकते हैं। रिपोर्ट के अनुसार, दिवाली के आसपास प्रदेश बीजेपी के कई नेता शरद पवार से मुलाकात कर चुके हैं, लेकिन अब तक उन्होंने विलय और एनडीए की ओर रुख साफ नहीं किया है।
केंद्र सरकार ने अभी तक संसद के शीतकालीन सत्र की जानकारी नहीं दी है। कहा जा रहा है कि सरकार चाहती है कि शीतकालीन सत्र में महिला आरक्षण और परिसीमन विधेयक पास हो जाए, लेकिन इसके लिए दो तिहाई बहुमत का जुगाड़ नहीं हो पाया है। रिपोर्ट के मुताबिक लोकसभा में एनडीए के पास 320 सांसद हैं, जबकि बहुमत का आंकड़ा 360 है। राज्यसभा में 6 सांसदों की कमी है। शरद पवार के पास लोकसभा में 8 और राज्यसभा में एक सांसद है।
रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि एनसीपी के नेता सुनेत्रा पवार से असंतुष्ट नजर आते हैं, क्योंकि वह ज्यादातर सलाह अपने बेटे पार्थ पवार से लेती हैं। हाल ही में एनसीपी के 6 नेताओं ने गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी, जिसमें सुनेत्रा पवार या पार्थ पवार शामिल नहीं थे।
