बस्ती में सोमवार सुबह अमृत भारत एक्सप्रेस से गिरकर एक 19 वर्षीय नेपाली युवक की मौत हो गई। मुंडेरवा रेलवे स्टेशन से आगे उसका सिर रेलवे के होम सिग्नल से टकराया, जिसके बाद वह ट्रेन से नीचे गिर गया।

मृतक की पहचान नेपाल के बारा जिले के कवलपुर निवासी श्रीकांत उर्फ जयकांत शाह तेली (19) के रूप में हुई। वह अपने बुआ के बेटे वैद्यनाथ शाह और संतोष कुमार महतो समेत अन्य साथियों के साथ मजदूरी के लिए लखनऊ जा रहा था। सभी रविवार रात करीब 11 बजे बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के घोड़ासहन रेलवे स्टेशन से ट्रेन में सवार हुए थे।

सोमवार सुबह करीब 6:50 बजे ट्रेन मुंडेरवा स्टेशन से आगे पश्चिमी रेलवे क्रासिंग संख्या 189 के पास पहुंची, तभी जयकांत का सिर होम सिग्नल से टकरा गया और वह नीचे गिर गया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। गेटमैन ने स्टेशन मास्टर को सूचना दी, जिसके बाद जीआरपी बस्ती को खबर दी गई।

जीआरपी के मौके पर न पहुंचने पर मुंडेरवा थाने के उपनिरीक्षक रूदल बहादुर सिंह पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पहुंचे। जेब से मिले मोबाइल नंबर के आधार पर पुलिस ने परिजनों और साथियों से संपर्क किया। वैद्यनाथ शाह ने बताया कि वे भी उसी ट्रेन से यात्रा कर रहे थे और बस्ती स्टेशन पर उतरकर रेलवे ट्रैक के रास्ते घटनास्थल की ओर आ रहे थे। बाद में वैद्यनाथ और अन्य साथियों ने थाने पहुंचकर शव की पहचान की। थानाध्यक्ष विश्वमोहन राय ने बताया कि पुलिस ने रिश्तेदारों और साथियों से जरूरी जानकारी लेकर आगे की कार्रवाई पूरी की।