इसराइल में नई सरकार के गठन को लेकर सियासी खींचतान तेज़ हो गई है। चुनाव में बहुमत से दूर रहने के बावजूद प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू सत्ता में बने रहने की कोशिशों में जुटे हैं। इसराइली मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक़, उन्होंने विपक्षी नेता और प्रधानमंत्री पद के प्रबल दावेदार गादी आइज़नकोट को पीएम पद के रोटेशन का प्रस्ताव दिया है, जिसके तहत पहले दो साल आइज़नकोट और अगले दो साल नेतन्याहू प्रधानमंत्री रह सकते हैं।

टाइम्स ऑफ़ इसराइल की एक रिपोर्ट के अनुसार, नेतन्याहू आइज़नकोट के साथ सत्ता साझा करने की घोषणा की तैयारी में हैं। हालांकि, नेतन्याहू की पार्टी लिकुड के भीतर और प्रधानमंत्री कार्यालय से जुड़े अधिकारियों के बीच इस कदम को लेकर मतभेद बताए जाते हैं। कान पब्लिक ब्रॉडकास्टर के मुताबिक़, यह प्रस्ताव अनौपचारिक रूप से आइज़नकोट तक पहुंचाया गया है ताकि लिकुड सार्वजनिक तौर पर इसकी ज़िम्मेदारी लेने से बच सके।

मिडिल ईस्ट मामलों के जानकार क़मर आग़ा का मानना है कि मौजूदा हालात में नेतन्याहू और आइज़नकोट के गठबंधन वाली सरकार बनने की संभावना अधिक है। उन्होंने कहा कि दोनों नेताओं की फ़लीस्तीन, ग़ाज़ा, लेबनान और सीरिया से जुड़ी नीतियों में बहुत बड़ा अंतर नहीं है, और असली मतभेद घरेलू राजनीति, आर्थिक स्थिति, अल्ट्रा-ऑर्थोडॉक्स यहूदी समुदाय के युवाओं की मिलिट्री सर्विस और युद्ध के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर हैं।

आइज़नकोट ने शुक्रवार को सोशल मीडिया पर एक एक्स पोस्ट में कहा कि उनकी पार्टी और लिकुड के बीच पिछले दो सप्ताह में पांच बार बातचीत हुई, लेकिन लिकुड ने और बैठकों की मांग स्वीकार नहीं की। उन्होंने आरोप लगाया कि लिकुड 7 अक्तूबर के हमले की जांच के लिए स्वतंत्र आयोग बनाने पर सहमत नहीं हुआ और न ही सभी नागरिकों के लिए मिलिट्री सर्विस अनिवार्य करने वाले क़ानून पर चर्चा की इच्छा दिखाई। आइज़नकोट ने कहा कि लिकुड ने ऐसी सरकार का प्रस्ताव रखा जिसमें मौजूदा सरकार और उसके सहयोगी दल बने रहें, लेकिन कोई वास्तविक बदलाव न हो।