नई दिल्ली। कोई नई डाइट शुरू करनी हो, जिम जाने का प्लान हो या नई स्किल सीखनी हो, अक्सर लोग इसके लिए हफ्ते के पहले दिन यानी सोमवार का इंतजार करते हैं। लेकिन हफ्ते के पहले दिन ऐसा करना कई लोगों को बोझिल या बोरिंग लग सकता है। ऐसे में हफ्ते के बीच का दिन, जैसे बुधवार या गुरुवार, नई शुरुआत के लिए प्रेरित कर सकता है।
सप्ताह के बीच में नई आदतें शुरू करने से तनाव कम होता है। चूंकि उस समय व्यक्ति काम मोड में होता है, इसलिए नई शुरुआत करना अधिक आसान हो जाता है। इसे एक प्रयोग के रूप में देखने से असफलता का डर भी कम होता है।
नई आदत शुरू करने से पहले यह स्पष्ट रहना चाहिए कि रूटीन में क्या शामिल करना है। उदाहरण के लिए, अगर ज्यादा एक्सरसाइज करने की योजना है तो पहले हफ्ते में ब्रिस्क वॉकिंग के लिए समय निकाला जा सकता है। जिस आदत को रूटीन में जोड़ना है, उससे जुड़ी तैयारी एक रात पहले ही कर लेनी चाहिए, जिससे वह गतिविधि आसान हो जाती है। मसलन, हेल्दी खाने की आदत शुरू करनी है तो कुछ तैयारियां पहले ही करके रखी जा सकती हैं।
चाहे शुरुआत बुधवार को की गई हो या गुरुवार को, छोटे-छोटे कदमों से ही आगे बढ़ना चाहिए। अगर जर्नल लिखने का सोचा है तो सबसे पहले एक-दो वाक्यों से शुरुआत की जा सकती है।
