भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने शनिवार को कांग्रेस नेता सोनिया गांधी पर एक 'असली किताब' लिखने का ऐलान किया है। उन्होंने दावा किया कि इस किताब में वे सोनिया गांधी के मारुति की मालिक बनने और नेशनल हेराल्ड की खरीद से जुड़े खुलासे करेंगे। दुबे ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा कि उनकी किताब में सोनिया गांधी और मेनका गांधी के बीच विवाद की 'असली वजहों' का भी खुलासा किया जाएगा। भाजपा सांसद के इस कमेंट पर कांग्रेस की ओर से तुरंत कोई रिस्पॉन्स नहीं आया है।
दुबे ने 'एक्स' पर कहा, ''यह किसी को निशाना बनाने का प्रयास नहीं है, मैं सोनिया गांधी जी पर एक असली किताब लिखूंगा। सोनिया जी मारुति की मालिक कैसे बनीं? नेशनल हेराल्ड को कैसे खरीदा गया? 2004-14 के दौरान कैसे सोनिया जी प्रधानमंत्री से ऊपर थीं? मेनका गांधी जी और सोनिया गांधी जी के बीच लड़ाई की असली वजह क्या है?'' उन्होंने कहा कि उनकी किताब में इन सवालों के जवाब होंगे। दुबे ने संकेत दिया कि किताब में बोफोर्स घोटाले के पीछे की ''असली कहानी'' भी बताई जाएगी।
दुबे ने कहा, ''चीन ओलंपिक में प्रधानमंत्री के स्थान पर सोनिया जी परिवार सहित क्यों गईं? सीताराम केशरी जी की धोती की कहानी क्या है? प्रधानमंत्री नरसिम्हा राव जी और सोनिया गांधी जी के बीच लड़ाई क्यों हुई? 1999 में कांग्रेस के किस नेता ने उन्हें धोखा दिया? राहुल गांधी जी और प्रियंका गांधी जी में वे किसे राजनीतिक तौर पर पसंद करती हैं?'' भाजपा नेता ने कहा, ''इंतजार कीजिए और देखिए।''
'एक्स' पर एक अन्य पोस्ट में दुबे ने आरोप लगाया कि ''विदेशी नागरिक'' होने के बावजूद सोनिया गांधी मारुति की प्रबंध निदेशक और 50 प्रतिशत हिस्सेदार थीं। उन्होंने दावा किया, ''21 नवंबर 1970 को संजय गांधी ने सोनिया गांधी की कंपनी मारुति टेक्निकल सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड के साथ एक समझौता किया था। सोनिया गांधी मारुति की असली मालिक थीं।'' बता दें कि निशिकांत दुबे गांधी परिवार पर लंबे समय से हमलावर रहे हैं।
