मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पूज्य माताजी पंचतत्व में विलीन हो गईं। मां की चिता के सामने एक पुत्र के रूप में उन्होंने बिछोह की असहनीय पीड़ा सही। अश्रुपूरित नेत्रों से वे मां के चेहरे को अग्नि की लपटों में ओझल होते देखते रहे।
जिन आंखों ने बचपन में मां का चेहरा देखकर संसार को पहचानना सीखा था, उन्हीं के सामने वह चेहरा सदा के लिए अग्नि की लपटों में विलीन हो गया। संन्यास और कर्तव्य ने निजी सुख-दुःख से ऊपर उठना सिखाया, लेकिन मां के हाथों का स्पर्श, उनकी आवाज और प्रतीक्षा करती आंखों की स्मृतियों से विरक्त होना किसी पुत्र के लिए कठिन है।
मां की चिता की अग्नि ठंडी भी नहीं पड़ी थी कि योगी आदित्यनाथ पुनः लोक-कल्याण के अपने कर्तव्य में रत हो गए। जिस हृदय में मां के वियोग की अथाह पीड़ा है, उसी हृदय में करोड़ों लोगों के प्रति दायित्वों का संकल्प भी है।
उन अश्रुपूरित नेत्रों में एक पुत्र का असहनीय बिछोह था और उस मौन में संन्यासी के जीवन की सबसे कठिन साधना। मां सावित्री की ममता, उनके संस्कार और तपस्विनी जीवन की अमिट छाप संन्यासी पुत्र के प्रत्येक संकल्प में सदैव जीवित रहेगी। पूज्य मां के श्री चरणों में अश्रुपूरित प्रणाम।
