हरियाणा के कुरुक्षेत्र स्थित नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (NIT) ने प्लेसमेंट में नया रिकॉर्ड बनाया है। संस्थान के अनुसार, बीटेक कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग के फाइनल ईयर छात्र पी. कौशिक रेड्डी को 1.56 करोड़ रुपये सालाना का सीटीसी ऑफर मिला है। यह ऑफर 2026 बैच के छात्र को दिया गया है। संस्थान के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट और ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल ने इसकी जानकारी दी। इससे पहले संस्थान में सबसे बड़ा पैकेज 1.5 करोड़ रुपये सालाना था, जिसे अब पी. कौशिक रेड्डी ने पछाड़ दिया है।
संस्थान की आधिकारिक वेबसाइट पर 2025-26 के प्लेसमेंट आंकड़ों के मुताबिक बीटेक के 913 छात्रों में से 776 को प्लेसमेंट मिला, यानी 84.99 प्रतिशत। कुल 906 प्लेसमेंट ऑफर दिए गए। बीटेक का औसत पैकेज 11 लाख रुपये सालाना और मीडियन पैकेज 8 लाख रुपये सालाना रहा।
प्लेसमेंट केवल कंप्यूटर इंजीनियरिंग तक सीमित नहीं रहा। मैकेनिकल इंजीनियरिंग में 99.12 प्रतिशत और प्रोडक्शन एंड इंडस्ट्रियल इंजीनियरिंग में 94.23 प्रतिशत छात्रों को प्लेसमेंट मिला। हालांकि सबसे बड़ा पैकेज कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग ब्रांच के छात्र को मिला।
NIT कुरुक्षेत्र में बीटेक में दाखिले के लिए उम्मीदवार को JEE मेन परीक्षा पास करनी होती है। सीट आवंटन JoSAA काउंसलिंग के जरिए रैंक, कैटेगरी, उपलब्ध सीट और चुनी गई चॉइस के आधार पर होता है। जोसा के बाद खाली सीटों के लिए CSAB स्पेशल राउंड भी आयोजित किए जा सकते हैं।
