सहारनपुर के मिर्जापुर क्षेत्र में साइबर ठगों ने एक युवक के मोबाइल फोन को निशाना बनाकर उसके बैंक खाते से 44,705 रुपये निकाल लिए। पुलिस ने शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।

मिर्जापुर पुल निवासी साहिल के मुताबिक शुक्रवार दोपहर अचानक उनका मोबाइल फोन बंद हो गया। कुछ देर बाद फोन की स्क्रीन पर अपने आप अपडेट होने की प्रक्रिया शुरू हो गई, जिसके चलते वह फोन का इस्तेमाल नहीं कर सके। युवक ने इसे शुरुआत में सामान्य तकनीकी खराबी मानकर नजरअंदाज कर दिया।

कुछ देर बाद बैंक खाते की जानकारी लेने पर पता चला कि खाते से 44,705 रुपये दूसरे खाते में ट्रांसफर कर दिए गए थे। जांच में सामने आया कि रकम कोमल योगी नाम के बैंक खाते में भेजी गई है।

पीड़ित ने पुलिस से शिकायत कर रकम वापस दिलाने और आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की जांच की जा रही है।