महाराष्ट्र सरकार में मंत्री नीतीश राणे ने विधायक रोहित पवार को लेकर दावा किया है कि उनके पवार होने की पुष्टि के लिए DNA टेस्ट कराने का समय आ गया है। राणे ने यह भी आरोप लगाया कि रोहित पवार ने अलग तरह की राजनीति शुरू की है, जिसे शरद पवार ने कभी नहीं किया। इस मामले पर रोहित पवार की ओर से अब तक कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।

करजत से विधायक रोहित पवार लंबे समय से दिवंगत नेता अजित पवार की मौत के मामले में जांच की मांग कर रहे हैं और राज्य की महायुति सरकार पर सवाल उठा रहे हैं। राणे ने कहा कि शरद पवार के बालासाहब ठाकरे, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और देवेंद्र फडणवीस के साथ व्यक्तिगत संबंध रहे हैं, लेकिन उन्होंने कभी गंदी राजनीति नहीं की। उन्होंने आरोप लगाया कि रोहित पवार ने ऐसी राजनीति की शुरुआत की है। राणे ने यह भी कहा कि MPSC आंदोलन के दौरान मुख्यमंत्री ने छात्रों की मदद के लिए जो भूमिका निभाई, उसे रोहित पवार भुला रहे हैं।

सोमवार को मुंबई में एक संवाददाता सम्मेलन में रोहित पवार ने फडणवीस के वीएसआर वेंचर्स के मालिकों के साथ संबंधों का जिक्र किया था। यह वही कंपनी है, जिसका विमान 28 जनवरी को बारामती में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था और उसमें तत्कालीन उपमुख्यमंत्री अजित पवार की मौत हो गई थी। रोहित पवार ने स्पष्ट किया था कि वह फडणवीस पर सीधे तौर पर दुर्घटना में शामिल होने का आरोप नहीं लगा रहे हैं, लेकिन उनका मानना है कि कंपनी के मालिकों को जांच से बचाया जा रहा है। उन्होंने मामले की CBI से जांच कराने की मांग की थी।

लोकसभा सांसद सुप्रिया सुले ने रोहित पवार का बचाव किया है। उन्होंने कहा कि अजित पवार और रोहित पवार के बीच गहरा स्नेह था, इसलिए रोहित परेशान हैं और उनके मन में कई सवाल हैं, जिनके जवाब नहीं मिले हैं। सुले ने कहा कि उन्हें रोहित से बात करनी है। उन्होंने यह भी कहा कि फडणवीस ने राज्य की जनता से वादा किया था कि अजित पवार के विमान हादसे की जांच रिपोर्ट जल्द जारी की जाएगी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में भी उन्होंने रिपोर्ट जल्द सौंपने की मांग की थी। सुले के अनुसार, यह मामला केंद्र सरकार के अधिकार क्षेत्र में आता है और जांच रिपोर्ट का इंतजार करना चाहिए।