जिलाधिकारी मेधा रूपम की फटकार के बाद गौतमबुद्ध नगर में स्वगणना की रफ्तार तेज हुई है। बृहस्पतिवार तक जनपद में 1600 से अधिक लोगों ने अपनी ऑनलाइन गणना सफलतापूर्वक पूरी कर ली है। जनगणना के दूसरे चरण में स्वगणना की धीमी रफ्तार पर चार्ज अधिकारियों को लगाई गई फटकार का असर कुछ ही घंटों में दिखने लगा।
जनपद के नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना प्राधिकरण और तहसील क्षेत्र में बृहस्पतिवार तक 1629 लोगों की स्वगणना दर्ज की गई। तीन दिनों में ग्रेटर नोएडा में सर्वाधिक 658 और नोएडा प्राधिकरण क्षेत्र में 572 लोगों ने स्वगणना की। दादरी क्षेत्र तीसरे स्थान पर रहा, जहां 133 लोगों की ऑनलाइन गणना हो सकी।
जिला प्रशासन ने जनगणना का दूसरा चरण शत-प्रतिशत कराने के लिए जनपद को 12 जोन में बांटा है। इसमें नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण क्षेत्र को अलग रखा गया है, जबकि सभी नगर निकायों के अलग हिस्से बांटे गए हैं। हर क्षेत्र में एक चार्ज अधिकारी तैनात किया गया है। निर्वाचन आयोग के निर्देश पर 16 से 30 नवंबर तक स्वगणना कराई जा रही है।
बुधवार को जिलाधिकारी मेधा रूपम ने स्वगणना प्रक्रिया पर समीक्षा बैठक की, जिसमें सभी जोन के चार्ज अधिकारी और प्रशासनिक अधिकारी शामिल हुए। बैठक में पोर्टल की तकनीकी दिक्कत और स्वगणना की धीमी रफ्तार पर चार्ज अधिकारियों को फटकार लगाई गई। जिलाधिकारी ने कहा कि स्वगणना के कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं और निरंतर प्रगति कराने को कहा गया है। जनपद में कुल 8000 प्रगणक हैं।
