नोएडा में शैक्षणिक और आवासीय क्षेत्रों समेत अन्य इलाकों को तंबाकू से मुक्त करने के लिए स्वास्थ्य विभाग जल्द ही बड़े स्तर पर अभियान शुरू करेगा। इस अभियान में प्राइवेट अस्पतालों के चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों के साथ युवाओं को भी शामिल किया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 80 डॉक्टरों समेत अन्य संस्थानों के प्रतिनिधियों को अभियान के लिए प्रशिक्षित किया है।

जिला तंबाकू नियंत्रण अधिकारी डॉ श्वेता खुराना ने बताया कि राष्ट्रीय तंबाकू मुक्त युवा अभियान के तहत अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों की ओपीडी और आईपीडी में आने वाले मरीजों को बीमारी के साथ-साथ नशे की लत छोड़ने के लिए भी प्रोत्साहित किया जाएगा। नशे की जानकारी मिलने पर मरीजों की काउंसलिंग करनी होगी। उन्हें नशे से होने वाले आर्थिक, सामाजिक और शारीरिक नुकसान तथा इसे छोड़ने के फायदे बताए जाएंगे। मरीजों को डिजिटल स्क्रीन पर नशे के दुष्प्रभाव भी दिखाए जाएंगे।

नशा मुक्ति को लेकर अगले 60 दिनों में किए गए जागरूकता कार्यक्रमों, काउंसलिंग समेत अन्य कार्यों का पूरा ब्योरा अस्पताल प्रबंधकों से लिया जाएगा। इसके वीडियो और फोटो भी स्वास्थ्य विभाग में रिकॉर्ड किए जाएंगे। अस्पतालों के डॉक्टरों और अन्य प्रतिनिधियों का प्रशिक्षण लगभग पूरा हो चुका है। वे अपने अस्पतालों में जाकर अभियान का विस्तार करेंगे और अन्य लोगों को भी इसकी जानकारी देंगे, ताकि अधिक से अधिक लोग इस अभियान से जुड़ सकें।