अंक ज्योतिष के अनुसार पर्स का रंग व्यक्ति के मूलांक से जुड़ा माना जाता है। अंक ज्योतिष एक्सपर्ट और वास्तु गुरु मान्या के मुताबिक, हर व्यक्ति की जन्म तारीख का किसी खास ग्रह से सीधा संबंध होता है। ग्रहों के अनुकूल रंग का पर्स इस्तेमाल करने से आर्थिक स्थिति में सुधार और तरक्की के नए रास्ते खुलने की बात कही जाती है। गलत रंग का पर्स पैसों के आने में रुकावट और तरक्की में बाधा डाल सकता है।

मूलांक जानने के लिए जन्म तारीख के अंकों को जोड़कर 1 से 9 के बीच आने वाला अंक लिया जाता है। उदाहरण के लिए, 29 तारीख को जन्मे व्यक्ति का मूलांक 2+9=11, 1+1=2 होगा। मान्या के अनुसार, मूलांक 1 वालों के लिए सुनहरा, नारंगी या लाल रंग का पर्स उत्तम है और काले रंग से बचना चाहिए। मूलांक 2 के लिए सफेद, क्रीम या हल्का हरा, मूलांक 3 के लिए पीला, मस्टर्ड या ऑरेंज और मूलांक 4 के लिए नीला, स्मोकी ग्रे, खाकी या भूरा रंग शुभ बताया गया है।

इसी तरह मूलांक 5 के लिए हरा, एमराल्ड या मिंट ग्रीन और पिंक, मूलांक 6 के लिए गुलाबी, सफेद या चमकीला, मूलांक 7 के लिए हल्का पीला, ग्रे, ऑफ व्हाइट, समुद्री हरा या मल्टीकलर, मूलांक 8 के लिए गाढ़ा नीला, डार्क ब्राउन या काला और मूलांक 9 के लिए लाल या मरून रंग का पर्स शुभ माना गया है।

पर्स को लेकर कुछ नियम भी बताए गए हैं। घर आने के बाद पर्स जमीन या बिस्तर पर न रखें, बल्कि उत्तर या पश्चिम दिशा की अलमारी में रखें। पर्स में पुराने बिल, फटी पर्चियां या बेकार कागज न जमा होने दें। शुभ उपाय के तौर पर मूलांक 1 और 9 वाले तांबे का सिक्का, मूलांक 2 और 6 वाले चांदी का सिक्का, मूलांक 3 वाले पीले कपड़े में लपेटकर हल्दी की गांठ, मूलांक 4 और 7 वाले गोमती चक्र या चांदी का छोटा चौकोर टुकड़ा, मूलांक 5 वाले छोटी हरी इलायची या हरे रंग का रुमाल और मूलांक 8 वाले पीपल का सूखा पत्ता पर्स में रख सकते हैं।