एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 के सेमीफाइनल में पाकिस्तान ए ने बांग्लादेश ए को पांच विकेट से हराकर फाइनल में जगह बना ली। दोहा के वेस्ट एंड पार्क इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में हुए इस मुकाबले में हसन नवाज का ऑलराउंड प्रदर्शन निर्णायक रहा। उन्होंने पहले गेंदबाजी में दो विकेट लिए और फिर 62 रन की पारी खेली। इस प्रदर्शन के दम पर वे प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए। पाकिस्तान ए का फाइनल में रविवार को श्रीलंका ए से सामना होगा।

टॉस के बाद बल्लेबाजी करने उतरी बांग्लादेश ए की टीम 50 ओवर में 8 विकेट पर 232 रन ही बना सकी। टीम की ओर से शहादत हुसैन दीपु ने 118 गेंदों में 103 रन की पारी खेली, जिसमें सात चौके और तीन छक्के शामिल रहे। उन्होंने तीसरे विकेट के लिए माहिदुल इस्लाम अनकोन के साथ 95 रन और छठे विकेट के लिए एसएम मेहेरोब के साथ 52 रन की साझेदारी की। माहिदुल ने 42 और मेहेरोब ने 28 रन बनाए। पाकिस्तान की ओर से सुफियान मोकिम ने सबसे अधिक तीन विकेट लिए, जबकि अली रजा और हसन नवाज को दो-दो सफलता मिली।

लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान ए ने 21 रन पर दो विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद हसन नवाज और शाहजैब खान ने तीसरे विकेट के लिए 110 रन जोड़कर पारी को संभाला। नवाज ने 62 और खान ने 50 रन बनाए। इसके बाद कप्तान अब्दुल समद और फरहान यूसुफ ने पांचवें विकेट के लिए 56 गेंदों में 74 रन की साझेदारी कर टीम को जीत के करीब पहुंचाया। समद ने 44 रन बनाए, जबकि फरहान 46 रन बनाकर नाबाद रहे। पाकिस्तान ए ने 45.2 ओवर में पांच विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।