एससीओ सभ्यतागत संवाद फोरम में हिस्सा लेने भारत आए पाकिस्तान के जलवायु परिवर्तन मंत्री मुसादिक मसूद मलिक ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के डिजिटल रिपॉजिटरी प्रस्ताव का समर्थन किया। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी समेत आयोजन में शामिल सभी नेताओं को पाकिस्तान आने का न्योता भी दिया। मलिक ने कहा कि संस्कृति को देश की सीमाओं में नहीं बांधा जा सकता और संस्कृति बिना वीजा-पासपोर्ट सीमाओं से परे सफर करती है। उन्होंने एससीओ देशों के बीच सांस्कृतिक व संस्थागत ढांचा तैयार करने का प्रस्ताव भी दिया और ऐतिहासिक इमारतों व सांस्कृतिक धरोहरों पर जलवायु परिवर्तन के मुद्दे को उठाया।
इससे पहले शुक्रवार को मलिक ने आतंकियों को पनाह देने और आतंकी नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई न करने को लेकर पूछे गए सवालों को टाल दिया। हालांकि, उन्होंने यह माना कि भारत को आतंकी हमलों का सामना करना पड़ा है।
फोरम को संबोधित करते हुए पाकिस्तानी मंत्री ने जलवायु परिवर्तन को सभ्यता और सांस्कृतिक विरासत के लिए गंभीर खतरा बताया। उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन के कारण सांस्कृतिक महत्व के स्थल जोखिम में पड़ रहे हैं।
इस बीच, मलिक की पत्नी ने दिल्ली हाट का दौरा किया। शिवसेना यूबीटी नेता प्रियंका चतुर्वेदी ने इस यात्रा व आवाजाही पर सवाल उठाते हुए सरकार को घेरा है।