प्यू रिसर्च सेंटर की एक नई रिपोर्ट में वैश्विक और भारतीय जनसंख्या के धार्मिक आधार पर बदलाव को लेकर अनुमान जताया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, 2070 तक भारत हिंदू बहुल देश बना रहेगा, लेकिन जनसंख्या में हिंदुओं का प्रतिशत घटेगा और मुस्लिमों का हिस्सा बढ़ेगा। रिपोर्ट में 2020 को आधार वर्ष माना गया है।
रिपोर्ट के अनुसार, 2020 में भारत में मुस्लिम आबादी करीब 21.3 करोड़ थी, जो 2070 तक बढ़कर करीब 34.4 करोड़ होने का अनुमान है। इसके साथ ही भारत दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी मुस्लिम आबादी वाला देश बन जाएगा। उस समय केवल पाकिस्तान की मुस्लिम आबादी भारत से अधिक होगी, जहां 2070 तक 46.1 करोड़ से अधिक मुस्लिम आबादी होने का अनुमान है। फिलहाल मुस्लिम आबादी के मामले में भारत तीसरे नंबर पर है, जबकि पहले पर इंडोनेशिया और दूसरे पर पाकिस्तान है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि 2070 तक भारत में हिंदुओं का प्रतिशत 2020 के करीब 79.4 प्रतिशत से घटकर 75.8 प्रतिशत रह जाएगा, जबकि मुस्लिमों का प्रतिशत 15.2 प्रतिशत से बढ़कर 19.6 प्रतिशत होने की संभावना है। बाकी धर्मों का प्रतिशत घटने की आशंका है, केवल ईसाइयों की आबादी 2.2 प्रतिशत पर बने रहने की संभावना जताई गई है।
बीबीसी से बात करते हुए प्यू रिसर्च सेंटर की स्टेफनी क्रेमर ने बताया कि दुनिया में मुस्लिम युवा आबादी की प्रजनन दर अधिक है, हालांकि यह पहले की तुलना में कम हुई है, लेकिन अन्य धर्मों की तुलना में अब भी ज्यादा है। भारत के बारे में उन्होंने कहा कि हिंदुओं की प्रजनन दर पहले ही रिप्लेसमेंट लेवल से नीचे आ चुकी है, जिससे जनसंख्या वृद्धि धीमी रहेगी, जबकि मुस्लिमों की प्रजनन दर अगले दो दशक तक रिप्लेसमेंट लेवल से ऊपर बनी रहेगी। रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि दुनिया में सबसे तेजी से बढ़ने वाली धार्मिक आबादी मुस्लिमों की है और आने वाले वर्षों में इस्लाम दुनिया का सबसे ज्यादा आबादी वाला धर्म बन जाएगा।
