प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुपर्व की पूर्व संध्या पर मंगलवार को दिल्ली स्थित लोकनिवास पहुंचे और वहां आयोजित विशेष शबद कीर्तन में शामिल हुए। इस कार्यक्रम का आयोजन दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू की ओर से गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व के अवसर पर किया गया था। पीएम मोदी ने इस दौरान गुरुवाणी का श्रवण किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू समेत कई विशिष्ट अतिथि भी मौजूद रहे।
आयोजन को सिख परंपरा और गुरबाणी को समर्पित रखा गया, जिसमें शबद कीर्तन के जरिए गुरु नानक देव की शिक्षाओं और संदेश को याद किया गया। कार्यक्रम के दौरान पूरे परिसर में आध्यात्मिक और भक्तिमय वातावरण बना रहा। यह पहला अवसर रहा जब पीएम मोदी दिल्ली के उपराज्यपाल आवास पहुंचे।
प्रधानमंत्री ने प्रकाश पर्व के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि इस पवित्र माहौल में गुरु नानक जी के सामने शीश झुकाकर उन्हें बेहद संतोष और श्रद्धा का अनुभव हो रहा है। पीएम मोदी ने गुरुपर्व के पावन आयोजन में शबद कीर्तन में शामिल होने का अवसर देने के लिए उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू का हृदय से आभार जताया।
गुरु नानक देव सिख धर्म के संस्थापक और पहले गुरु थे। उनका प्रकाश पर्व उनके जन्मदिवस के अवसर पर मनाया जाता है। इस दिन गुरुद्वारों में विशेष कीर्तन, अरदास और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। शबद कीर्तन में गुरु नानक देव की वाणी और शिक्षाओं का गायन किया जाता है। इस आयोजन के जरिए उनके समानता, सेवा, प्रेम और मानवता के संदेश को याद किया जाता है। लोकनिवास में पहली बार इस तरह के कार्यक्रम में प्रधानमंत्री की भागीदारी चर्चा का विषय रही।