प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को गुजरात में भाजपा कार्यकर्ताओं के दिवाली स्नेह मिलन कार्यक्रम को वर्चुअल संबोधन में कहा कि देश में 50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए हैं। उन्होंने विश्व बैंक की रिपोर्ट का हवाला दिया, जिसके मुताबिक भारत में अत्यधिक गरीबी की दर 2011 में 27.1 प्रतिशत थी, जो 2023 में घटकर 2.6 प्रतिशत रह गई और इस दौरान करीब 49.6 करोड़ लोग अत्यधिक गरीबी से बाहर आए।

पीएम मोदी ने कहा कि कुछ लोग इस उपलब्धि को खुले तौर पर स्वीकार करने में हिचक रहे हैं, क्योंकि यह मौजूदा सरकार के कार्यकाल में हुआ है। उन्होंने कहा कि सरकार की नीयत, नीति और दिशा सही थी और मेहनत में कोई कमी नहीं छोड़ी गई। उन्होंने इसे नागरिकों के जीवन में नए अध्याय की शुरुआत बताया।

भाजपा ने गुजरात की सभी 182 विधानसभा सीटों पर दिवाली के बाद स्नेह मिलन कार्यक्रम आयोजित किए थे। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने घाटलोडिया विधानसभा क्षेत्र में प्रधानमंत्री का संबोधन सुना। पीएम मोदी ने अक्तूबर 2001 में गुजरात का मुख्यमंत्री बनने के 25 साल पूरे होने का जिक्र करते हुए कार्यकर्ताओं की कई पीढ़ियों के योगदान को याद किया।

प्रधानमंत्री ने 2001 के गुजरात भूकंप को याद करते हुए बताया कि मुख्यमंत्री बनने के बाद उनकी पहली दिवाली भूकंप प्रभावित परिवारों के बीच बीती थी। उन्होंने राज्य में सूखे के दिनों में कार्यकर्ताओं द्वारा घर-घर सुखड़ी जुटाने और पशुओं के लिए चारा मुहैया कराने का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि बैंक खाते, गैस कनेक्शन, बिजली कनेक्शन और आयुष्मान कार्ड जैसी सुविधाएं दलित, आदिवासी, वंचित और गरीब परिवारों तक पहुंचाई गईं।