कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में परिसीमन को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि लोकसभा सीटों की संख्या 850 होने पर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) को ब्लैंक चेक मिल जाएगा। राहुल गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार लोकसभा की 850 सीटें करने का नया प्रस्ताव लेकर आए हैं। उन्होंने इसे भारतीय लोकतंत्र के लिए ख़तरा बताया।

राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि सरकार महिला आरक्षण का तर्क देकर सीटें बढ़ाने की बात कर रही है, जिससे उसे भारत के राजनीतिक मानचित्र में बड़े बदलाव करने का मौका मिलेगा। उन्होंने कहा कि सरकार को 850 सीटों का ब्लैंक चेक मिलने पर वह अपनी इच्छा के अनुसार लोकतंत्र में बदलाव कर सकती है। राहुल गांधी ने दावा किया कि परिसीमन आयोग की प्रस्तावित संरचना पर भी सवाल हैं और इससे सरकार को निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं तय करने में सीधा नियंत्रण मिल सकता है।

उन्होंने इंडिया गठबंधन और विपक्षी दलों के नेताओं से अपील की कि लोकतंत्र की इस लड़ाई में सभी को साथ आना होगा। जब पत्रकारों ने शरद पवार की पार्टी एनसीपी के इस विधेयक को समर्थन देने के संकेत पर सवाल किया, तो राहुल गांधी ने कहा कि भले ही शरद पवार इस बिल का समर्थन कर दें, लेकिन इंडिया ब्लॉक में उनकी पोजीशन नहीं बदलेगी। उन्होंने जेन-ज़ी पर भरोसा जताते हुए कहा कि युवा डरता नहीं है।

इससे पहले शनिवार को इंडिया ब्लॉक के नेताओं की राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के नई दिल्ली स्थित आवास पर बैठक हुई। बैठक के बाद विपक्षी दलों ने परिसीमन को लेकर केंद्र सरकार के सामने तीन मांगें रखीं- लोकसभा की मौजूदा सदस्य संख्या बरकरार रखना, वर्तमान सीटों के आधार पर महिलाओं को आरक्षण देना और अगले 25 वर्षों तक राज्यों के बीच सीटों का मौजूदा आवंटन बनाए रखना। कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर इन मांगों की जानकारी दी।