कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने हाल ही में अपनी किताब 'बिलोंगिंग: ए जर्नी ऑफ लव' लॉन्च की। इस कार्यक्रम में कांग्रेस और सहयोगी दलों के कई नेता शामिल हुए। न्यूज 18 की बुधवार की रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से दावा किया गया है कि राहुल गांधी ने 16 नवंबर को दिल्ली में हुए इस कार्यक्रम में आमंत्रित करने के लिए डीएमके चीफ एमके स्टालिन को फोन किया था, लेकिन स्टालिन ने उनसे बात नहीं की और न ही कार्यक्रम में पहुंचे। हालांकि स्टालिन ने सोनिया गांधी को बधाई संदेश भेजा।
रिपोर्ट के मुताबिक, यह घटनाक्रम कांग्रेस और डीएमके के बीच बढ़ती दूरी के बीच सामने आया है। कुछ महीने पहले तक राहुल गांधी और स्टालिन एक-दूसरे को सार्वजनिक रूप से भाई कहकर संबोधित करते थे। 2019 के लोकसभा चुनावों से पहले स्टालिन उन नेताओं में शामिल थे जिन्होंने राहुल गांधी को प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार के रूप में समर्थन दिया था, और 2024 के चुनाव प्रचार के दौरान राहुल ने स्टालिन को अपना 'बड़ा भाई' कहा था।
जानकारों के मुताबिक, दोनों दलों के बीच मतभेद 2026 के तमिलनाडु विधानसभा चुनावों से पहले गहरे हुए। कांग्रेस ज्यादा सीटें और सरकार में बड़ी भूमिका चाह रही थी, जबकि डीएमके सत्ता में हिस्सेदारी देने को तैयार नहीं थी। दोनों दलों ने चुनाव साथ लड़ा, लेकिन मिलकर प्रचार नहीं किया। कांग्रेस ने 28 सीटों पर चुनाव लड़ा और पांच सीटों पर जीत हासिल की।
चुनाव परिणामों के बाद रिश्ते और बिगड़े। राज्य में थलपति विजय की पार्टी TVK सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी, हालांकि बहुमत से पीछे रही। सत्ता में आने का मौका देख कांग्रेस ने सरकार बनाने में विजय का समर्थन कर दिया। इसके बाद डीएमके ने सार्वजनिक रूप से कांग्रेस को धोखेबाज़ कहा और इंडिया गठबंधन से बाहर आने का ऐलान कर दिया।
