रांची के 18 वर्षीय एथिकल हैकर सार्थक सिद्धांत ने उत्तर प्रदेश की वोटर लिस्ट की 6.8 लाख PDF फाइलों को OCR तकनीक से सर्चेबल डेटा में बदलने का दावा किया है। उन्होंने मंगलवार को एक्स पर इसकी जानकारी दी। उनके मुताबिक, अब राज्य की 403 विधानसभा सीटों के 54.8 करोड़ वोटर रिकॉर्ड आसानी से खंगाले जा सकेंगे।
अब तक चुनाव आयोग की वेबसाइट पर वोटर लिस्ट PDF के रूप में उपलब्ध थीं, जिसमें किसी का नाम तलाशने के लिए विधानसभा क्षेत्र और पोलिंग बूथ की जानकारी जुटाकर PDF डाउनलोड करनी पड़ती थी और पन्ने एक-एक करके देखने होते थे। सार्थक की टीम ने OCR तकनीक से इस डेटा को टेबल के रूप में व्यवस्थित कर दिया है, जिससे खास रिकॉर्ड खोजना और अलग-अलग चुनावों या रिवीजन के दौरान वोटर लिस्ट में हुए बदलावों की तुलना करना आसान होगा।
सार्थक के मुताबिक, सार्वजनिक रूप से डाउनलोड किए जा सकने वाले डेटा में निजता का ध्यान रखा गया है। इसमें वोटर के नाम, रिश्तेदारों के नाम, EPIC नंबर और मकान नंबर जैसे संवेदनशील पहचान संबंधी विवरणों को एक टोकन से बदल दिया गया है। बता दें कि विपक्ष चुनाव आयोग से इस तरह की व्यवस्था की मांग करता रहा है और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने भी इस मुद्दे पर सवाल उठाए हैं। उत्तर प्रदेश चुनाव आयोग ने 17 नवंबर को 2027 की ड्राफ्ट वोटिंग लिस्ट में जानकारी खोजने और डाउनलोड करने लायक PDF फाइलें उपलब्ध कराई थीं, हालांकि सार्थक ने इससे आगे का काम करते हुए मतदाता सूची के चार सेट्स को एक साथ लाकर एक डाटासेट बनाया है। कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने एक बयान में उनकी प्रशंसा की है।
इससे पहले सार्थक सिद्धांत CBSE के ऑन-स्क्रीन मार्किंग (OSM) सिस्टम में गड़बड़ियों को उजागर कर चर्चा में आए थे। मार्क्स कम मिलने के बाद उन्होंने अपनी आंसर शीट की स्कैन कॉपी मांगी और बोर्ड की नई चेकिंग सिस्टम की पड़ताल शुरू की, जिसमें उन्हें कई खामियां नजर आईं। बीते 20 नवंबर को सार्थक को टाइम्स की उभरती हुई शख्सियतों की सूची में भी जगह मिली थी।
