सोने में मिलावट का एक नया मामला सामने आया है। एक मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक चीन से मंगाए जा रहे 'रेनियम पाउडर' को सोने में मिलाया जा रहा है, जिससे इसकी कीमत बढ़ जाती है। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि सामान्य जांच मशीनें और हॉलमार्किंग केंद्र भी इस मिलावट की पहचान नहीं कर पा रहे हैं और कुछ मामलों में मिलावटी सोना 24 कैरेट की शुद्धता जांच में पास हो गया।

रिपोर्ट के अनुसार, चीन के शेनझेन में स्थित एक एजेंट ने दावा किया कि उसकी कंपनी रेनियम पाउडर बनाती है और भारत के कई शहरों में इसके डीलर मौजूद हैं। रिपोर्ट में बताया गया कि एक ग्राम रेनियम पाउडर को 7.83 ग्राम 24 कैरेट सोने में मिलाया गया, जिससे कुल वजन 8.83 ग्राम हो गया और परीक्षण में इस मिश्रण को 24 कैरेट सोना माना गया। ज्वेलर ने बाद में एक अन्य धातु जोड़कर 22 कैरेट का आभूषण तैयार किया, जिसे हॉलमार्किंग केंद्र में 22 कैरेट सोने के रूप में प्रमाणित किया गया। रिपोर्ट में दावा किया गया कि आभूषण में वास्तविक सोने की मात्रा केवल 81.73 प्रतिशत थी, जो लगभग 20 कैरेट शुद्धता के बराबर है। रिपोर्ट के मुताबिक मिलावट वाला यह आभूषण कई ज्वेलरी शोरूम और परीक्षण सुविधाओं में परीक्षण पास कर गया।

इस प्रकरण ने हॉलमार्किंग व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सीएजी की ड्राफ्ट रिपोर्ट के अनुसार वित्त वर्ष 2024-25 में 81 प्रतिशत पंजीकृत ज्वैलर्स का निरीक्षण नहीं हुआ। विशेषज्ञों के अनुसार ऐसी मिलावट की पहचान के लिए एक्सआरएफ जांच और इलेक्ट्रॉन माइक्रोस्कोपी जैसी आधुनिक तकनीकों की जरूरत है। ग्राहकों को सलाह दी गई है कि वे विश्वसनीय दुकानदारों से हॉलमार्क वाला सोना खरीदें और बिल तथा जीएसटी इनवाइस जरूर सुरक्षित रखें।