अयोध्या से नेपाल के जनकपुर को जोड़ने वाली सरयू कमला एक्सप्रेस का उद्घाटन सोमवार को होगा। अयोध्याधाम जंक्शन पर सुबह 11 बजे से भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया है, जिसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव शामिल होंगे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह नई दिल्ली से ट्रेन को वर्चुअली हरी झंडी दिखाएंगे।

अयोध्या से जनकपुर की दूरी 604 किलोमीटर है, जिसे यह ट्रेन लगभग 18 घंटे में पूरा करेगी। इस ट्रेन में भारत और नेपाल के नागरिकों को ही यात्रा का अवसर मिलेगा। बताया गया है कि यह अयोध्या कैंट से जनकपुर धाम के बीच साप्ताहिक सेवा के रूप में चलेगी।

कार्यक्रम को देखते हुए सुरक्षा और यातायात नियंत्रण के सुदृढ़ प्रबंध किए गए हैं। अयोध्याधाम क्षेत्र में सोमवार सुबह नौ बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक यातायात डायवर्जन लागू रहेगा।

उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह के बीच सोमवार को वार्ता भी होनी है, जिसमें अयोध्या-जनकपुर रेल लिंक समेत कई प्रमुख परियोजनाओं का उद्घाटन किया जाएगा।