कॉकरोच जनता पार्टी के को-कन्वीनर सौरभ दास को लंदन जाने से रोके जाने के मामले में विदेश मंत्रालय ने स्पष्टीकरण दिया है। मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बुधवार को बताया कि चेन्नई के रीजनल पासपोर्ट ऑफिस ने दास को शो-कॉज नोटिस जारी किया है, जिसमें उनसे सात दिनों के भीतर अपनी सही जन्म जगह बताने को कहा गया है। जवाब आने तक पासपोर्ट इस्तेमाल न करने की सलाह भी दी गई है।
जायसवाल के अनुसार, पासपोर्ट आवेदन में जन्म स्थान, पता, नाम और अन्य जरूरी विवरण सही-सही देना जरूरी होता है। किसी आवेदक के खिलाफ शिकायत मिलने या तथ्य छिपाने या गलत जानकारी देने की बात सामने आने पर पासपोर्ट ऑफिस तुरंत नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगता है। मंत्रालय ने इसे नियमों के तहत सामान्य प्रक्रिया बताया है।
यह बयान सौरभ दास के उस आरोप के बाद आया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि सोमवार को रात करीब 1 बजे दिल्ली के एयरपोर्ट पर इमिग्रेशन अधिकारियों ने उन्हें लंदन जाने वाली फ्लाइट में चढ़ने से रोक दिया। अधिकारियों ने बताया कि उनका पासपोर्ट फ्लैग कर दिया गया है, यानी उस पर रोक लगी हुई है।
दास ने कहा था कि वे ब्रिटेन जा रहे थे, क्योंकि ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी स्टूडेंट्स यूनियन ने एक पैनल डिस्कशन का आयोजन किया था, जिसमें उन्हें 'कॉकरोच मूवमेंट' पर अपनी बात रखनी थी। रोके जाने के कारण वे कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके। इसके बाद सीजेपी फाउंडर अभिजीत दीपके ने भी केंद्र सरकार पर हमला बोला था। अब पासपोर्ट ऑफिस ने दास को सात दिनों में लिखित जवाब देने का समय दिया है और मामला स्पष्ट होने तक पासपोर्ट इस्तेमाल न करने की सलाह दी है।
