शाहरुख खान की आगामी फिल्म 'किंग' का नया गाना 'डैडी कूल (किंग वर्जन)' रिलीज हो गया है, जिसमें करीना कपूर खान भी नजर आ रही हैं। इस गाने के जरिए शाहरुख और करीना की जोड़ी 15 साल बाद एक साथ स्क्रीन पर लौटी है। फिल्म से जुड़ी हर नई झलक दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा रही है।
गाने की बात करें तो इसमें जोशीली बीट्स और रेट्रो अंदाज के साथ दोनों कलाकारों के डांस मूव्स देखने को मिलते हैं। बोनी एम. के मशहूर गाने 'डैडी कूल' की मूल भावना को बरकरार रखते हुए इस नए संस्करण को सचिन-जिगर ने संगीतबद्ध किया है। अरिजीत सिंह और शिल्पा राव ने इसे अपनी आवाज दी है, जबकि वैभवी मर्चेंट ने कोरियोग्राफी की है। गाने के हिंदी बोल कुमार ने लिखे हैं।
इस गाने को मेटा के कार्यक्रम 'हाउस ऑफ इंस्टाग्राम 2026' में लॉन्च किया गया, जहां देश के 700 से अधिक लोकप्रिय कंटेंट क्रिएटर्स एक साथ आए। गाना अब ज़ी म्यूजिक कंपनी और टी-सीरीज़ के यूट्यूब चैनलों पर उपलब्ध है।
सिद्धार्थ आनंद के निर्देशन में बनी 'किंग' को रेड चिलीज एंटरटेनमेंट और मार्फ्लिक्स पिक्चर्स ने बनाया है। यह फिल्म 24 दिसंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
