कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी की किताब 'बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव' का विरोध करते हुए शिंदे सेना के नेताओं ने बुधवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में किताब की प्रतियां फाड़ीं। पार्टी का आरोप है कि इस पुस्तक में वीर सावरकर का अपमान किया गया है। इसी दौरान शिंदे सेना गुट की प्रवक्ता शाइना एनसी ने कथित तौर पर बाल ठाकरे की तस्वीर फाड़ दी, जिस पर विवाद खड़ा हो गया है।

संजय निरुपम की अगुवाई में शिंदे सेना के नेताओं ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सोनिया गांधी की किताब की प्रतियां फाड़ीं। नेताओं का आरोप था कि किताब में वीर सावरकर को नीचा दिखाया गया है और इतिहास को अपने हिसाब से पेश करने की कोशिश की गई है। इस बीच शाइना एनसी ने गलती से बाल ठाकरे की तस्वीर फाड़ दी। जब संजय निरुपम ने इस गलती की ओर ध्यान दिलाया तो उन्होंने फटी हुई तस्वीर को तुरंत कागजों के नीचे छिपा दिया।

उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना और कांग्रेस ने शिवसेना संस्थापक का अपमान करने के आरोप में शाइना एनसी पर निशाना साधा है। हालांकि शिवसेना ने सफाई देते हुए दावा किया कि शाइना एनसी ने मणिशंकर अय्यर की तस्वीर फाड़ी थी, न कि बाल ठाकरे की। शिवसेना नेताओं ने आधिकारिक तौर पर यही दावा किया।

फाड़ी गई तस्वीर 27 अगस्त 2004 की है, जब बालासाहेब ठाकरे ने मुंबई के शिवाजी पार्क में सावरकर स्मारक के पास 'जूते मारो' आंदोलन की शुरुआत की थी। उस दौरान ठाकरे ने चप्पल से मणिशंकर अय्यर के पुतले पर प्रहार किया था। यह विरोध प्रदर्शन तत्कालीन केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री अय्यर के खिलाफ किया गया था, जिन पर सावरकर का अपमान करने वाली टिप्पणी करने का आरोप था। घटना के बाद बीएमसी में हंगामा हुआ और यूबीटी शिवसेना के पार्षदों ने शाइना एनसी के खिलाफ नारे लगाते हुए उन्हें पार्टी से बाहर निकालने की मांग की।