पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने मंगलवार को एक कार्यक्रम में खुलासा किया कि पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी की सलाह पर उन्होंने तृणमूल कांग्रेस छोड़कर भाजपा में जाने का फैसला किया था। उन्होंने बताया कि राष्ट्रपति भवन में हुई मुलाकात के दौरान प्रणब मुखर्जी ने उनसे कहा था कि अगर वे कर्मचारी बने रहना चाहते हैं तो टीएमसी में रहें, और अगर अपना रास्ता बनाना चाहते हैं तो मोदी जी के साथ जुड़ जाएं।
शुभेंदु अधिकारी ने एक अंग्रेजी अखबार के कार्यक्रम को संबोधित करते हुए यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जब प्रणब मुखर्जी राष्ट्रपति थे, तब वे रायसीना हिल्स में उनसे मिलने गए थे। उस समय अभिषेक बनर्जी भी राजनीति में आ चुके थे। शुभेंदु ने कहा कि प्रणब मुखर्जी उनके गुरु और अभिभावक की तरह थे। उन्होंने बताया कि प्रणब मुखर्जी ने उनसे कहा था कि जो करना चाहते हैं, उस पर सोच-समझकर फैसला लें। गौरतलब है कि शुभेंदु अधिकारी दिसंबर 2020 में भाजपा में शामिल हुए थे, जबकि प्रणब मुखर्जी का निधन उसी साल अगस्त में हो गया था।
टीएमसी पर तंज कसते हुए शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि यह पार्टी असल में एक बुआ-भतीजे की कंपनी है। उन्होंने कहा कि वे भी इसका हिस्सा थे, लेकिन उन्होंने इसे छोड़ दिया क्योंकि वे कर्मचारी बनकर नहीं रहना चाहते थे। उन्होंने कहा कि प्रणब मुखर्जी अब हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन एक राजनेता के रूप में उनकी भूमिका से परे सभी भारतीय उनका बहुत सम्मान करते हैं।
इस बयान पर पश्चिम बंगाल कांग्रेस के अध्यक्ष शुभंकर सरकार ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि ऐसा लगता है कि शुभेंदु अधिकारी असल में प्रणब मुखर्जी पर ही सवाल उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर प्रणब बाबू ने वाकई एक राजनेता के तौर पर उन्हें कोई सलाह दी थी, तो बेहतर होता कि वे इसका जिक्र तब करते जब वे जीवित थे।
