मोहम्मद सिराज को लेकर कांग्रेस के अंदर घमासान मच गया है। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने एक दिन पहले आरोप लगाया था कि नाम के चलते सिराज को न्यूजीलैंड के खिलाफ नहीं खिलाया गया। अब उनकी ही पार्टी के राज्यसभा सांसद रंजीत रंजन ने मसूद की इस टिप्पणी की आलोचना की है और उन्हें धर्म को खेल से अलग रखने की सलाह दी है।
इस बीच भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने शनिवार को दावा किया कि वह कांग्रेस नेता सोनिया गांधी पर एक किताब लिखेंगे। उन्होंने कहा कि इस किताब में वह खुलासा करेंगे कि सोनिया गांधी मारुति की मालिक कैसे बनीं और नेशनल हेराल्ड को कैसे खरीदा गया। दुबे ने एक्स पर एक पोस्ट में यह भी कहा कि किताब में सोनिया गांधी और मेनका गांधी के बीच विवाद की असली वजहों का भी खुलासा किया जाएगा।
बिहार के मोकामा से विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी के तिलक समारोह में जनता दल यूनाइटेड के किसी बड़े नेता ने शिरकत नहीं की, जबकि इस कार्यक्रम में भाजपा के मंत्रियों का जमावड़ा लग गया। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, विजय सिन्हा, मिथिलेश तिवारी समेत अन्य नेता इस कार्यक्रम में नजर आए। बिहार के राजनीतिक गलियारों में इस पर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।
वेलिंगटन टेस्ट के तीसरे दिन ओपनर केएल राहुल ने 136 रन बनाए। राहुल ने बाद में बताया कि वह पिछले छह-सात महीनों से न्यूजीलैंड में टेस्ट क्रिकेट खेलने के बारे में सोच रहे थे। यह उनका 13वां टेस्ट शतक है। वहीं, अहमदाबाद के नरेन्द्र मोदी स्टेडियम में दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट से पहले विवाद गहराता नजर आ रहा है। गायक से शराब, ड्रग्स और गन कल्चर को बढ़ावा देने वाले चार गाने नहीं गाने की मांग की गई है।
