कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी की आत्मकथा 'बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव' में YSRCP और BRS का जिक्र नहीं होने पर दोनों पार्टियों ने नाराजगी जताई है। YSRCP के तिरुपति सांसद मडिला गुरुमूर्ति ने बुधवार को बयान जारी कर कहा कि सोनिया गांधी वाईएसआर के योगदान को कैसे नजरअंदाज कर सकती हैं। उन्होंने कहा कि वाईएसआर ने उस समय कांग्रेस को राजनीतिक जीवन दिया था, जब पार्टी लगभग मौत के बिस्तर पर थी और उसे जरूरी राजनीतिक ऑक्सीजन दी थी।
BRS के कार्यकारी अध्यक्ष और तेलंगाना के पूर्व मंत्री केटी रामा राव ने भी सोनिया गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि तेलंगाना के लिए सोनिया गांधी के दिल में कोई जगह नहीं है और उनकी किताब में तेलंगाना का नाम तक नहीं है। उन्होंने कहा कि जब उनके दिल में ही राज्य के लिए जगह नहीं है, तो आत्मकथा में तेलंगाना का जिक्र कैसे हो सकता है।
सोनिया गांधी ने सोमवार को दिल्ली में एक कार्यक्रम में किताब लॉन्च की, जिसमें राहुल गांधी और AICC महासचिव एवं वायनाड सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा मौजूद थीं। इसके अलावा तमिलनाडु, हिमाचल प्रदेश, तेलंगाना, केरल और कर्नाटक के मुख्यमंत्री भी शामिल हुए। 544 पेजों की इस किताब में 7 चैप्टर हैं और यह 10 नवंबर को ही बाजार में आ चुकी थी।
किताब लॉन्चिंग के बाद सोनिया गांधी ने कहा कि वह हमेशा से अपनी भावनाओं और किसी व्यक्ति, जगह या चीज को लेकर मन में उठने वाले विचारों को खुलकर बताने में झिझकती रही हैं। इसी वजह से उन्होंने किताब लिखने के विचार को पहले टाल दिया था, लेकिन बाद में राहुल, प्रियंका और अपनी करीबी दोस्त मंजूलिका दुबे के बार-बार कहने पर वह इसे लिखने के लिए तैयार हुईं। किताब में उन्होंने राजीव गांधी से मुलाकात और शादी, इंदिरा गांधी के साथ रिश्ते, इमरजेंसी पर परिवार के मतभेद, ऑपरेशन ब्लू स्टार के बाद सुरक्षा की चिंता, इंदिरा और राजीव गांधी की हत्या का दर्द, राजनीति में आने की कहानी, 2004 में प्रधानमंत्री पद ठुकराने की वजह और मोदी समेत अन्य राजनीतिक घटनाक्रमों पर अपनी राय रखी है।
