सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को एक सुनवाई के दौरान कहा कि बच्चे माता-पिता की संपत्ति या खिलौने नहीं हैं। जस्टिस विक्रम नाथ और जस्टिस अपरेश कुमार सिंह की बेंच ने कहा कि नाबालिग का गार्जियन तय करते समय अदालत के लिए सबसे अहम बात उसका कल्याण है। तलाकशुदा दंपती के दो बेटों की कस्टडी से जुड़े मामले में कोर्ट ने बच्चों को मां से अलग करने से इनकार कर दिया। दोनों बच्चे मई 2014 से लगातार मां के साथ रह रहे हैं।

यह मामला दो बेटों की मां की उस अपील से जुड़ा था, जिसमें उन्होंने मद्रास हाईकोर्ट के अक्टूबर 2024 के आदेश को चुनौती दी थी। हाईकोर्ट ने फैमिली कोर्ट के उस आदेश को बरकरार रखा था, जिसमें बेटों की कस्टडी पिता को देने का फैसला हुआ था। सुप्रीम कोर्ट के सामने सवाल था कि क्या लगातार मां के साथ रह रहे बच्चों की कस्टडी पिता को दी जानी चाहिए, जो बच्चों के प्राकृतिक अभिभावक हैं। बेंच ने बताया कि दोनों की शादी अगस्त 2009 में हुई थी और बेटों का जन्म जुलाई 2010 और मई 2012 में हुआ। विवाद के बाद चार मामले दर्ज हुए और क्रूरता के आधार पर तलाक मंजूर किया गया। दोनों पक्ष 2014 से अलग रह रहे हैं और विवाह 2018 में खत्म हो गया था। बच्चों की उम्र अब 16 और 14 साल है।

सुप्रीम कोर्ट ने सभी पक्षों और बच्चों से बातचीत की। कोर्ट ने कहा कि दोनों बच्चों ने मां के साथ रहने की अपनी इच्छा साफ तौर पर जाहिर की है। बेंच ने कहा कि तलाक के बाद मां ने अकेले बच्चों की परवरिश की और उनकी पढ़ाई का ध्यान रख रही हैं। कोर्ट ने कहा कि जब माता-पिता की मांगें एक-दूसरे से टकराती हैं, तब सिर्फ कानूनी नजरिए से फैसला नहीं किया जा सकता, ऐसे मामलों में मानवीय पहलू भी जरूरी होते हैं।

कोर्ट ने फैमिली कोर्ट के निर्देश के अनुसार पिता को हर महीने के दूसरे शनिवार और रविवार को सुबह 10 से दोपहर 2 बजे तक बच्चों से मिलने की इजाजत दी है। इसके अलावा पिता पोंगल और छमाही छुट्टियों में भी बच्चों से मिल सकेंगे। यह मुलाकात मां के रहने की जगह या मदुरै के गांधी म्यूजियम में हो सकती है। पिता को फोन या वॉट्सऐप मैसेज से मां को पहले जानकारी देनी होगी। कोर्ट ने कहा कि मां के कहने पर पिता बच्चों की आगे की पढ़ाई का खर्च साझा करने के लिए तैयार रहें।