सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार को कहा कि बिना उचित कारण के लंबित चुनावों को टालना नहीं चाहिए। मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत, न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची और न्यायमूर्ति वी. मोहना की पीठ ने कलकत्ता हाईकोर्ट के उस आदेश पर रोक लगाने के पक्ष में अपनी सहमति जताई, जिसमें कोलकाता नगर निगम के चुनाव वार्ड परिसीमन का फैसला होने तक टाल दिए गए थे। पीठ ने सॉलिसीटर जनरल तुषार मेहता से कहा कि वे 30 नवंबर तक इस मुद्दे पर निर्देश लेकर आएं।
कोलकाता नगर निगम ने अगले निकाय चुनाव से पहले अपने वार्डों की सीमाओं में बदलाव की प्रक्रिया शुरू की है, जिसके तहत वार्डों की संख्या मौजूदा 144 से बढ़कर 209 हो सकती है। कलकत्ता हाईकोर्ट ने पश्चिम बंगाल राज्य निर्वाचन आयोग को चुनाव की अधिसूचना जारी करने से तब तक रोक दिया था, जब तक एकल पीठ वार्ड परिसीमन से जुड़ी याचिका पर फैसला नहीं कर देती। पीठ ने कहा कि एकल न्यायाधीश के सामने लंबित रिट याचिका को खंडपीठ के पास भेजने का निर्देश दिया जाएगा और जब तक खंडपीठ इस पर अपना विचार नहीं बना लेती, तब तक चुनाव रोके जा सकते हैं। सुनवाई के दौरान न्यायमूर्ति बागची ने कहा कि लंबित चुनावों को बिना उचित कारण के टालना नहीं चाहिए।
परिसीमन प्रक्रिया को चुनौती देते हुए याचिकाकर्ता माकपा के पूर्व पार्षद दीपू दास ने अदालत से वार्डों की संख्या तय करने की पूरी प्रक्रिया को अमान्य घोषित करने का आग्रह किया था। उन्होंने 11 सितंबर की उस राजपत्र अधिसूचना को रद्द करने की भी मांग की थी, जिसमें वार्डों की संख्या बढ़ाने का फैसला किया गया था। उनका आरोप था कि परिसीमन वास्तविक आबादी के बजाय मतदाता सूचियों के आधार पर किया गया है, जिससे बड़ी संख्या में निवासी बाहर हो गए। याचिकाकर्ता ने यह भी दावा किया कि नगर निगम में कोई निर्वाचित परिषद नहीं थी और सदन भंग होने के बाद पूर्व अध्यक्ष स्मिता पांडे को प्रशासक नियुक्त किया गया था। 29 अक्तूबर को एकल पीठ ने अंतरिम रोक लगाने से इनकार कर दिया था, जिसके बाद दीपू दास ने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया।
हाईकोर्ट के आदेश में प्रशासक की नियुक्ति पर भी सवाल उठाए गए थे। आदेश में कहा गया था कि राज्य सरकार अपने चुने हुए प्रशासक को अपनी पसंद के मुताबिक सिफारिश करने का अधिकार दे सकती है और इससे सरकार को खुद ही अपने लिए संशोधन की सिफारिश करने की अनुमति मिल जाएगी, जो संबंधित प्रावधान की स्वतंत्रता को कमजोर करेगा। आदेश में कहा गया कि ऐसी कठपुतली जैसी व्यवस्था कोलकाता नगर निगम अधिनियम की योजना के अनुरूप नहीं मानी जा सकती। आदेश के अनुसार, अधिनियम की धारा 601 की प्रमुख विशेषता यह है कि निगम को राज्य सरकार के सामने बाध्यकारी सिफारिश करने की संस्थागत स्वतंत्रता दी गई है, जिससे उसे अपने निर्वाचन क्षेत्रों का परिसीमन तय करने का अधिकार मिलता है। आदेश में कहा गया कि निगम को बीच कार्यकाल में भंग करने और प्रशासक नियुक्त करने का तरीका सवालों के घेरे में है और इससे याचिकाकर्ता की इस दलील को बल मिलता है कि इस पूरी अव्यवस्था के पीछे कोई योजना हो सकती है। हालांकि, खंडपीठ ने कहा था कि ये टिप्पणियां रिट याचिका के अंतिम निपटारे के संबंध में अस्थायी प्रकृति की हैं।