सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली में पिछले महीने जंतर-मंतर और रामलीला मैदान पर हुए विरोध प्रदर्शनों के मामले में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP), कांग्रेस, आम आदमी पार्टी (AAP) और ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) को नोटिस जारी किया है। दिल्ली किराना कमेटी और दिल्ली आयरन एंड हार्डवेयर मर्चेंट एसोसिएशन ने याचिका दायर कर कहा है कि इन प्रदर्शनों से व्यापारियों के कारोबार को नुकसान पहुंचा है। याचिका में यह भी कहा गया है कि रामलीला मैदान के आसपास कई बड़े थोक बाजार हैं, इसलिए वहां प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए।
CJP ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग और SIR के विरोध में 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर मार्च बुलाया था। दिल्ली पुलिस ने इसकी इजाजत नहीं दी थी। इस दौरान शहर में बैरिकेडिंग की गई थी, 45 मेट्रो स्टेशन बंद रहे और 7 हजार से ज्यादा प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया था। वहीं, कांग्रेस ने 1 नवंबर को रामलीला मैदान पर प्रदर्शन किया था, जिसमें सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, अखिलेश यादव, ममता बनर्जी और तेजस्वी यादव समेत कई नेता शामिल हुए थे। रैली के बाद व्यापारी संगठनों ने दावा किया था कि उन्हें करीब 11 हजार करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है।
इससे पहले CJP ने 20 जून से 25 जुलाई तक NEET पेपर लीक मामले में धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर जंतर-मंतर पर 36 दिन प्रदर्शन किया था। इस दौरान एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक भूख हड़ताल पर बैठे थे और 20 जुलाई को CJP ने संसद तक मार्च भी किया था। प्रधान के इस्तीफे के बाद 25 जुलाई को प्रदर्शन खत्म हो गया था।
इस बीच, सुप्रीम कोर्ट ने चुनाव आयोग और SIR से जुड़ी याचिकाओं पर कांग्रेस समेत INDIA ब्लॉक की दो नई अर्जियों पर चुनाव आयोग से जवाब मांगा है। इस मामले में सुनवाई अब 9 दिसंबर को होनी है।
