सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार (23 नवंबर) को पश्चिम बंगाल में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) से जुड़ी अपीलों की सुनवाई कर रहे अपीलीय न्यायाधिकरणों को निर्देश दिया है कि मतदाता सूची से नाम हटाए जाने को चुनौती देने वाली याचिकाओं को प्राथमिकता दी जाए, जबकि नाम जोड़े जाने को चुनौती देने वाली याचिकाओं पर सुनवाई फिलहाल टाल दी जाए। मुख्य न्यायाधीश (CJI) जस्टिस सूर्य कांत, जस्टिस जॉयमाल्य बागची और जस्टिस वी. मोहना की पीठ ने यह आदेश दिया।

पीठ ने न्यायाधिकरणों से कहा कि वे दोनों तरह की अपीलों को अलग-अलग श्रेणियों में बांटें और नाम हटाए जाने से जुड़ी अपीलों को प्राथमिकता दें, खासकर उन विधानसभा क्षेत्रों में जहां स्थानीय निकायों के चुनाव होने वाले हैं। कोर्ट ने कहा कि नाम जोड़े जाने को चुनौती देने वाली अपीलों में उतनी तात्कालिकता नहीं है और उन पर बाद में सुनवाई की जा सकती है। इसके साथ ही पीठ ने चुनाव आयोग को कलकत्ता हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश से परामर्श कर राज्य में अपीलीय न्यायाधिकरणों की संख्या बढ़ाने का निर्देश दिया।

शीर्ष अदालत ने चुनाव आयोग को कोलकाता के विभिन्न स्थानों पर उपयुक्त जगहों की पहचान करने को भी कहा, ताकि न्यायाधिकरणों तक पहुंच आसान हो और लंबित अपीलों का निपटारा तेजी से हो सके। कोर्ट ने कहा कि कोलकाता नगर निगम के अधिकार क्षेत्र में आने वाले मतदाताओं से जुड़ी अपीलों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

सुप्रीम कोर्ट राज्य में मतदाता सूचियों के SIR से जुड़ी शिकायतों पर सुनवाई के लिए गठित अपीलीय न्यायाधिकरणों के समक्ष लंबित अपीलों के निपटारे की प्रक्रिया को सुव्यवस्थित और तेज करने के उपायों से जुड़ी याचिकाओं पर सुनवाई कर रहा था। कोर्ट ने 25 अगस्त को चुनाव आयोग को लंबित और निपटाई जा चुकी अपीलों का विवरण देने का निर्देश दिया था, जिसमें नाम हटाए जाने और नाम शामिल किए जाने से जुड़ी अपीलों का अलग-अलग ब्योरा भी मांगा गया था। आयोग से यह भी पूछा गया था कि तय समय-सीमा में मामलों का निपटारा सुनिश्चित करने के लिए कितने अतिरिक्त न्यायाधिकरणों की जरूरत होगी।