पेट्रोल में एथनॉल मिलाने की नीति को लेकर देशभर में विरोध के बीच केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस राज्य मंत्री सुरेश गोपी ने मंगलवार को आलोचकों पर निशाना साधा है। त्रिशूर में एक संवाद कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि जो लोग E20 पेट्रोल नीति की आलोचना करते हैं, वे मूर्ख हैं और उन्हें विज्ञान की समझ नहीं है। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर विरोध फैलाने वालों की राजनीतिक सोच घटिया है।
अपने बयान का बचाव करते हुए सुरेश गोपी ने कहा कि पेट्रोल में एथनॉल की मिलावट E10 से बढ़ाकर E20 करने का फैसला विज्ञान पर आधारित था और ऑटोमोबाइल रिसर्च एसोसिएशन ऑफ इंडिया (ARAI) के शोध के बाद ही इसे लागू किया गया। उन्होंने जिनेवा कन्वेंशन के तहत जारी सख्त दिशानिर्देशों का हवाला देते हुए कहा कि वातावरण की रक्षा के लिए इन नियमों का पालन जरूरी है और दुनिया रिन्यूएबल एनर्जी के स्रोतों की तलाश कर रही है।
कर्नाटक सरकार द्वारा पेट्रोल में मानक से अधिक एथनॉल मिलने के आरोपों पर भी मंत्री ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे दावे करने वाले लोग सैंपल लेने से पहले पेट्रोल में कुछ मिला रहे हैं और ऐसे दावों की जांच के लिए CBI को बुलाना पड़ सकता है। बता दें कि कर्नाटक के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री रिजवान अरशद ने इस महीने की शुरुआत में आरोप लगाया था कि सात जिलों से लिए गए पेट्रोल के 63 नमूनों में एथनॉल की मात्रा E20 मानक से अधिक मिली है, जिसे इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड और हिंदुस्तान पेट्रोलियम जैसी कंपनियों ने संयुक्त बयान जारी कर खंडन किया था।
इससे पहले केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने भी एथनॉल ब्लेंडिंग का बचाव किया था। उन्होंने बीते महीने कहा था कि एथनॉल मिलाने को लेकर विरोध पैसे देकर चलाया गया अभियान था और इस नीति से कोयला व कच्चे तेल का आयात घटाकर विदेशी मुद्रा बचाई जा सकती है। गडकरी ने यह भी कहा था कि पिछले तीन सालों में 20 करोड़ से अधिक दोपहिया वाहन और तीन करोड़ से अधिक पेट्रोल कारें E20 मिश्रण वाले ईंधन पर चल रही हैं और एथनॉल मिश्रण से इंजन खराब होने का कोई प्रमाण नहीं मिला है।
