तेलंगाना भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने मोइनाबाद नगर पालिका में तैनात टाउन प्लानिंग अधिकारी गुंडू वाणी के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज किया है। अधिकारी पहले से रिश्वतखोरी के एक मामले में न्यायिक हिरासत में हैं। एजेंसी के मुताबिक जांच में उनके पास करीब 6.76 करोड़ रुपये मूल्य की संपत्ति होने का खुलासा हुआ है।

ACB के अनुसार गुंडू वाणी पहली बार पिछले सितंबर में रडार पर आई थीं। तब उन पर मोइनाबाद नगर पालिका कार्यालय में काम करते हुए एक पंचायत सचिव के जरिए कथित तौर पर 75,000 रुपये की रिश्वत मांगने और स्वीकार करने का आरोप लगा था। एजेंसी ने उन्हें रंगे हाथ पकड़ा था।

एजेंसी ने 16 नवंबर को वाणी के घर और दफ्तर समेत उनके कई रिश्तेदारों और दोस्तों के ठिकानों पर एक साथ तलाशी ली। आठ ठिकानों पर हुई तलाशी में उनके पास कई चल और अचल संपत्तियां मिलीं, जो उनकी आय के हिसाब से काफी अधिक बताई गई हैं।

ACB के मुताबिक तलाशी में महबूबनगर जिले में 283.11 गज और जनगांव जिले में 424 गज के दो प्लॉट मिले, जिनकी अनुमानित कीमत 87.67 लाख रुपये है। इसके अलावा करीब 63 लाख रुपये का फ्लैट और लगभग 2.45 करोड़ रुपये कीमत का तीन मंजिला घर भी मिला। उनके पास से 5.47 लाख रुपये नकद और बैंक खातों में 7.97 लाख रुपये जमा मिले। महबूबनगर स्थित तुलजा भवानी वाइन्स में 50 लाख रुपये का निवेश और 1.30 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर होने की बात भी सामने आई है। इसके अलावा करीब 175.1 ग्राम सोने के गहने, 5.10 लाख रुपये मूल्य के सामान और 50 लाख रुपये की एक गाड़ी भी बरामद हुई। आरोपी के खिलाफ जांच जारी है।