रूस और क्रीमिया को जोड़ने वाले 19 किलोमीटर लंबे कर्च ब्रिज पर गुरुवार को एक सप्ताह में तीसरा हमला हुआ। यह हमला पुल के रेलवे ट्रैक पर किया गया, जिससे उस पर आवागमन रुक गया। हमले में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। क्रीमिया के गवर्नर सर्गेई अक्सीओनोव ने कहा है कि नुकसान को कुछ घंटों में ठीक कर लिया जाएगा और उसके बाद ट्रेनों का आवागमन शुरू हो जाएगा।
इससे पहले इसी सप्ताह सोमवार को हुए दूसरे हमले में पुल का सड़क मार्ग क्षतिग्रस्त हुआ था और कुछ घंटों के लिए वाहनों का आवागमन रुका था। समुद्र के ऊपर बना यह पुल रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जाता है।
यह हमला ऐसे समय हुआ है जब चीन के शेनझेन शहर में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग के बीच वार्ता चल रही है। इस वार्ता में यूक्रेन में युद्धविराम पर भी चर्चा हो सकती है।
यूक्रेन का हिस्सा रहे क्रीमिया प्रायद्वीप पर 2014 में कब्जे के बाद रूस ने इस पुल का निर्माण कराया था। 2018 से इस्तेमाल हो रहा यह पुल यूरोप का सबसे लंबा ब्रिज है और इसे राष्ट्रपति पुतिन के कार्यकाल की उपलब्धि माना जाता है। इसके जरिये रूस प्रायद्वीप में रहने वाले करीब 25 लाख लोगों और वहां तैनात सैनिकों के लिए आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति करता है।
