मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और स्थानीय उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राजधानी लखनऊ में 'यूपी कोऑपरेटिव एक्सपो-2026' का आयोजन कर रही है। यह एक्सपो गोमती नगर स्थित बैडमिंटन अकादमी में 1 से 10 दिसंबर तक चलेगा और प्रतिदिन सुबह 11 बजे से रात 10 बजे तक खुला रहेगा।
सहकारिता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जेपीएस राठौर ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में काम कर रहे किसानों, उत्पादकों और शिल्पकारों को शहरी उपभोक्ताओं से सीधे जोड़ना है। इससे उत्पादकों को बेहतर बाजार और विपणन के अवसर मिलेंगे, जबकि उपभोक्ताओं को स्थानीय उत्पाद सीधे खरीदने का मौका मिलेगा। दस दिवसीय एक्सपो में प्रदेश के किसानों, उत्पादकों, शिल्पकारों, महिला समूहों और सहकारी संस्थाओं को अपने उत्पादों, सेवाओं और नवाचारों के प्रदर्शन के लिए राज्यस्तरीय मंच मिलेगा।
मंत्री के अनुसार एक्सपो में इफको और नैफेड सहित खाद्य प्रसंस्करण, खादी एवं ग्रामोद्योग, डेयरी, मत्स्य पालन, माटीकला और उर्वरक क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न संस्थाएं एवं संगठन हिस्सा लेंगे। आयोजन में 'एक जनपद-एक उत्पाद' (ओडीओपी) और 'एक जनपद-एक व्यंजन' (ओडीओसी) योजना से जुड़े उत्पादों और पारंपरिक व्यंजनों की विशेष प्रदर्शनी लगाई जाएगी। सहकारी साहित्य भी विशेष आकर्षण होगा, जिसके तहत सहकारी संस्थाओं, सहकारिता आंदोलनों और सरकारी योजनाओं से संबंधित लेख एवं पत्रिकाएं उपलब्ध रहेंगी।
जेपीएस राठौर ने कहा कि यह एक्सपो प्रदेश के हस्तशिल्प और लोक कलाओं को प्रोत्साहित करने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों के कारीगरों और छोटे उद्यमियों को अपने उत्पादों की पहुंच बढ़ाने का अवसर मिलेगा। आयोजन में खरीदारी और उत्पादों के अवलोकन के साथ सांस्कृतिक गतिविधियां भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी और प्रतिदिन शाम छह बजे से विभिन्न कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे।
