सोनपुर मेले में इस बार मनोरंजन का अंदाज बदला हुआ नजर आ रहा है। गाय बाजार में स्टेट बैंक की शाखा के बगल में भूतिया ग्लास ब्रिज शो चल रहा है, जहां डरावनी आकृतियों और रहस्यमय पात्रों के कारनामे दिखाए जा रहे हैं। अचानक सामने आ जाने वाली डरावनी आकृतियां दर्शकों को चौंका देती हैं। शो को देखने पहुंचे बच्चे डर और उत्साह के बीच इस प्रदर्शन का अनुभव ले रहे हैं, जबकि युवा भी इसे लेकर उत्साहित हैं। कई लोग अपने दोस्तों और परिवार के सदस्यों के साथ इस डरावनी दुनिया को देखने पहुंच रहे हैं।

इसी इलाके में 360 डिग्री डोम थिएटर भी मेले के आधुनिक आकर्षणों में शामिल है। हाई क्वालिटी प्रोजेक्टर से सुसज्जित इस डोम के भीतर चारों ओर दृश्य प्रदर्शित किए जाएंगे। दर्शकों को केवल सामने पर्दे पर फिल्म देखने के बजाय अपने चारों तरफ फैले दृश्यों के बीच होने जैसा एहसास होगा। थ्री-डी तकनीक और 360 डिग्री विजुअल का यह संयोजन सामान्य सिनेमा से अलग अनुभव देने वाला है।

डोम थिएटर के प्रोपराइटर बिहारशरीफ निवासी समीर कुमार ने बताया कि यह आधुनिक तकनीक पर आधारित मनोरंजन का विशेष माध्यम है। उन्होंने दावा किया कि यह पूरे भारत में अपनी श्रेणी का दूसरा सबसे बड़ा रियलिटी शो है। उनका कहना है कि सोनपुर जैसे ऐतिहासिक मेले में इस तकनीक को लाने का उद्देश्य दर्शकों को मनोरंजन के साथ आधुनिक डिजिटल दुनिया से परिचित कराना है।

मेले में आने वाले लोगों के लिए अब केवल खरीदारी और झूलों का आनंद लेना ही विकल्प नहीं रह गया है। मनोरंजन के नए प्रयोग भी लोगों को अपनी ओर खींच रहे हैं। खासकर बच्चों और युवाओं के बीच भूतिया शो को लेकर उत्सुकता देखी जा रही है, और परिवार के साथ मेला घूमने पहुंचे लोग भी इन नए आकर्षणों में दिलचस्पी ले रहे हैं। ग्रामीण परिवेश से आने वाले अनेक दर्शकों के लिए इस तरह के तकनीकी और रहस्यमय प्रदर्शन नया अनुभव साबित हो सकते हैं।