ऐश्वर्या राय बच्चन और अभिषेक बच्चन की नाइट आउट की तस्वीरें सोशल मीडिया पर चर्चा में हैं। ये तस्वीरें फैशन डिजाइनर और राजनेता शाइना एनसी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर शेयर की हैं। तस्वीरों में दोनों बेहद खुश नजर आ रहे हैं। शाइना ने तस्वीरों के साथ एक लंबा पोस्ट भी लिखा है, जिसमें उन्होंने ऐश्वर्या के साथ अपनी पुरानी दोस्ती का जिक्र किया है।

शाइना एनसी ने लिखा कि कुछ दोस्तियों के लिए लगातार संपर्क की जरूरत नहीं होती, उन्हें बस भरोसे की जरूरत होती है। उन्होंने बताया कि उनका और ऐश्वर्या का रिश्ता कई दशकों पुराना है। जब शाइना ने 18 साल की उम्र में फैशन डिजाइनर के तौर पर अपना करियर शुरू किया था, तब ऐश्वर्या मिस वर्ल्ड बनी थीं। उन्होंने कहा कि 35 साल बाद भी दोनों वहीं से शुरू करते हैं जहां उन्होंने छोड़ा था।

ऐश्वर्या की तारीफ में शाइना ने लिखा कि उनमें कोई दिखावा नहीं है, बस पुराने अपनेपन का एहसास है जो सिर्फ समय ही बना सकता है। उन्होंने कहा कि पुरानी दोस्ती में उन्हें जो बात सबसे ज्यादा पसंद है, वह है कम्फर्ट। महीनों या सालों बाद मिलने पर भी ऐसा लगता है जैसे कल की ही बात हो। शाइना ने बताया कि ऐश्वर्या और उनका रिश्ता बहुत पुराना है, अपनी साड़ियां पहनने से लेकर अपने सोशल कामों तक, खासकर कैंसर मरीजों को सपोर्ट करने के दौरान और जब वह खुद एक स्ट्रगलिंग डिजाइनर थीं।

बताते चलें कि पिछले कुछ समय से ऐश्वर्या और अभिषेक के रिश्ते को लेकर कई तरह की चर्चाएं चल रही थीं। हालांकि, दोनों हाल ही में मनीष मल्होत्रा की दिवाली पार्टी में भी साथ पहुंचे थे, जहां उन्होंने हाथ पकड़कर एंट्री की और साथ में तस्वीरें खिंचवाईं। अब एक बार फिर दोनों की साथ में तस्वीरें सामने आने के बाद फैंस कपल की तारीफ कर रहे हैं। अभिषेक बच्चन जल्द ही फिल्म 'किंग' में नजर आने वाले हैं, जिसमें वह शाहरुख खान के साथ दिखाई देंगे। खबरों के मुताबिक, फिल्म में उनका किरदार नेगेटिव होगा। फिल्म में सुहाना खान और दीपिका पादुकोण भी अहम रोल में हैं और इसकी रिलीज 24 दिसंबर बताई जा रही है।