भारतीय स्टेट बैंक (SBI) अपने डिजिटल लेंडिंग प्रोग्राम 'MSME ड्रीम' के तहत छोटे कारोबारियों को दिए जाने वाले लोन की सीमा बढ़ाने की योजना बना रहा है। बैंक मौजूदा 5 करोड़ रुपये की सीमा को मार्च 2027 तक 50 करोड़ रुपये तक करेगा। यह बढ़ोतरी कई चरणों में लागू होगी। पहले चरण में 30 नवंबर तक लोन सीमा 10 करोड़ रुपये किए जाने की उम्मीद है, और मार्च 2027 तक बैंक के पूरे ब्रांच नेटवर्क में यह सीमा 50 करोड़ रुपये कर दी जाएगी।
दिसंबर 2023 में शुरू किया गया 'MSME ड्रीम' प्रोग्राम छोटे कारोबारियों को डिजिटल आवेदन और वैल्यूएशन प्रक्रिया के जरिए लोन देने की सुविधा देता है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस प्लेटफॉर्म के लॉन्च होने के बाद से SBI ने लगभग 2.25 लाख करोड़ रुपये के लोन मंजूर किए हैं। इस प्रोग्राम में उधारकर्ता डिजिटल प्लेटफॉर्म पर अपने कारोबार और वित्तीय विवरण जमा करते हैं, और प्लेटफॉर्म उपलब्ध डेटा के आधार पर उनकी क्रेडिट एलिजिबिलिटी का आकलन करता है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार SBI के एक अधिकारी ने कहा कि यह सिस्टम 30-45 मिनट के भीतर लोन की 'इन-प्रिंसिपल' मंजूरी दे सकता है। बैंक के अनुसार इस प्रोग्राम के तहत दिए गए लोन की एसेट क्वालिटी बेहतर रही है। 'MSME ड्रीम' के तहत SBI का ग्रॉस नॉन-परफॉर्मिंग एसेट (NPA) रेशियो 0.50% से कम है, जबकि इसके कुल MSME लोन पोर्टफोलियो के लिए यह 1.50% से अधिक है।
अधिकारी के अनुसार MSME क्षेत्र भारत के औद्योगिक विकास, रोजगार सृजन, निर्यात, इनोवेशन और समग्र विकास का महत्वपूर्ण स्तंभ है। आर्थिक सर्वेक्षण 2025-26 के अनुसार देश की GDP में MSME का हिस्सा 31.1%, मैन्युफैक्चरिंग आउटपुट में 35.4% और कुल निर्यात में 48.58% है। यह क्षेत्र 'विकसित भारत 2047' के लक्ष्य के लिए भी महत्वपूर्ण है।
