उत्तर प्रदेश चुनाव के लिए कांग्रेस और समाजवादी पार्टी गठबंधन को अंतिम रूप देने में जुटी हैं। सोमवार को दोनों पार्टियों के बीच सीट बंटवारे पर पहले दौर की बातचीत हो सकती है। कांग्रेस ने उम्मीद जताई है कि जल्द दोनों पार्टियां सम्मानजनक समझौते पर पहुंच जाएंगी। सूत्रों के मुताबिक, यह चर्चा पार्टी के वरिष्ठ नेता प्रमोद तिवारी के घर पर हो सकती है। प्रमोद तिवारी राज्यसभा सांसद और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा के पिता हैं। हालांकि, सपा ने अभी तक इसकी पुष्टि नहीं की है।

लोकसभा सांसद और यूपी कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद ने कहा कि दोनों पार्टियां बेहतर तालमेल के साथ चुनाव में उतरेंगी। पूरी कोशिश होगी कि दोनों पार्टियां जल्द सीट का बंटवारा कर चुनाव प्रचार शुरू करें, ताकि उत्तर प्रदेश में इंडिया गठबंधन की सरकार बन सके। कांग्रेस रणनीतिकार मानते हैं कि सीट की संख्या से ज्यादा जीत अहम है, पर दोनों पार्टियों के बीच समझौता सम्मानजनक होना चाहिए। पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि यह चुनाव कांग्रेस के मुकाबले समाजवादी पार्टी के लिए ज्यादा अहम है, ऐसे में उम्मीद है कि सपा बड़ा दिल दिखाएगी। बता दें कि 2017 में कांग्रेस और समाजवादी पार्टी ने गठबंधन में चुनाव लड़ा था और उस वक्त कांग्रेस के हिस्से में 105 सीटें आई थीं। पार्टी की दलील है कि इन सालों में सियासी तौर पर उसकी स्थिति मजबूत हुई है, इसलिए 2027 के चुनाव में दस साल पहले के मुकाबले अधिक सीट मिलनी चाहिए।

बातचीत में कांग्रेस की तरफ से प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा और इमरान मसूद हिस्सा ले सकते हैं। वहीं, सपा ने इस बातचीत के लिए चार सदस्यीय समिति का गठन किया है। रविवार को समाजवादी पार्टी ने इस समिति के सदस्यों की घोषणा की। पार्टी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक बयान जारी कर बताया कि सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इस समिति का गठन किया है। बयान के अनुसार, समिति में पार्टी के राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव राम गोपाल यादव, प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल, सांसद राजीव राय और सांसद इकरा हसन को शामिल किया गया है।

इस बीच समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने 2027 विधानसभा चुनावों के लिए सीट बंटवारे की संभावनाएं तलाशने की कवायद शुरू कर दी है। उन्होंने पिछले 3 दिनों में आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी लेनिनवादी) लिबरेशन के महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य के साथ अलग-अलग बैठकें कीं। सूत्रों ने बताया कि इस चर्चा के दौरान विपक्ष के चुनाव प्रचार में कॉकरोच जनता पार्टी के विरोध प्रदर्शनों के प्रमुख चेहरों को शामिल करने की संभावना पर भी विचार किया गया। गौरतलब है कि सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके और संगठन के एक अन्य प्रमुख चेहरे आशुतोष रांका आप के साथ पहले काम कर चुके हैं। वहीं, भाकपा (माले) लिबरेशन की छात्र शाखा ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) की अध्यक्ष नेहा बोरा मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर हो रहे छात्र विरोध प्रदर्शनों का एक प्रमुख चेहरा बनकर उभरी हैं। ऐसे में ये नाम चुनावी मैदान में नजर आ सकते हैं।