अमेरिकी सीनेट ने ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई खत्म करने और पश्चिम एशिया से अमेरिकी सैनिकों को वापस बुलाने की मांग वाले प्रस्ताव को 48 के मुकाबले 51 वोटों से खारिज कर दिया है। गुरुवार को हुए इस मतदान में तीन रिपब्लिकन सांसदों ने डेमोक्रेट्स के साथ प्रस्ताव के पक्ष में मतदान किया। इससे पहले प्रतिनिधि सभा इस प्रस्ताव को पारित कर चुकी थी।

सीनेट में एच. कान. रेस. 93 नाम से पेश इस समवर्ती प्रस्ताव में 1973 के युद्ध अधिकार कानून की धारा 5(सी) का हवाला दिया गया था। सीनेटर एडम शिफ के कार्यालय के मुताबिक, युद्ध शक्तियों से जुड़े प्रस्ताव पर सीनेट में यह 15वां मतदान था। समवर्ती प्रस्ताव होने के कारण इसे राष्ट्रपति की मंजूरी के लिए भेजने की जरूरत नहीं थी।

बहस के दौरान वर्जीनिया के डेमोक्रेटिक सीनेटर टिम केन ने कहा कि अमेरिकी संविधान और जनता की मांग है कि इस युद्ध को खत्म किया जाए। उन्होंने कहा कि अमेरिकी जनता सैन्य टकराव से परेशान है और सीनेट के पास इसे रोकने की संवैधानिक जिम्मेदारी निभाने का अवसर है।

प्रस्ताव खारिज होने के बाद डेमोक्रेटिक सांसदों ने कहा कि जनवरी में नई कांग्रेस के कार्यभार संभालने पर वे यह मुद्दा फिर उठाएंगे। एडम शिफ ने कहा कि दोनों दलों का समर्थन मिलने के बावजूद प्रस्ताव पारित नहीं हो सका, लेकिन नई कांग्रेस में इसे बदलने की कोशिश होगी। सीनेटर जैकी रोसेन ने आरोप लगाया कि मतदाताओं ने ईरान के साथ ट्रंप के सैन्य टकराव को खारिज किया है और इससे महंगाई का दबाव बढ़ा है। भारतीय-अमेरिकी सांसद रो खन्ना और डेमोक्रेटिक सांसद यासमीन अंसारी ने चेतावनी दी है कि वे ऐसे किसी भी सरकारी फंडिंग पैकेज का समर्थन नहीं करेंगे, जिसमें ईरान में आक्रामक सैन्य अभियानों के लिए धन खर्च करने पर स्पष्ट रोक न हो। मौजूदा संघीय फंडिंग की अवधि 11 दिसंबर को समाप्त हो रही है।