उत्तराखंड में 108 एंबुलेंस सेवा को मोबाइल ऐप से जोड़ा जा रहा है, जिससे मरीज और उनके परिजन एंबुलेंस की लाइव लोकेशन ट्रैक कर सकेंगे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर सेवा को अधिक जनोपयोगी बनाने के लिए एंबुलेंस संचालन की डिजिटल निगरानी की व्यवस्था की जा रही है। प्रदेश में 108 सेवा के तहत संचालित 269 एंबुलेंस को एप से कनेक्ट किया जा रहा है।

नई व्यवस्था में सेवा का आकलन केवल औसत रिस्पांस टाइम के आधार पर नहीं होगा। हर केस में एंबुलेंस के घटनास्थल तक पहुंचने में लगे वास्तविक समय का विश्लेषण किया जाएगा, जिससे उन क्षेत्रों की पहचान हो सकेगी जहां एंबुलेंस पहुंचने में अधिक समय लगता है। देरी के कारणों का पता लगाकर सेवा में सुधार किया जाएगा। इसके अलावा तीन लाख किलोमीटर से अधिक चल चुकी 65 पुरानी एंबुलेंस को हटाकर उनकी जगह नई एंबुलेंस लाई जाएंगी, ताकि आपात स्थिति में मरीजों को समय पर बेहतर एंबुलेंस के जरिये अस्पताल तक पहुंचाया जा सके।

महानिदेशक स्वास्थ्य डा. सुनीता टम्टा के अनुसार, एंबुलेंस आवंटित होते ही मरीज के परिजनों को मोबाइल पर वाहन का नंबर, चालक का नाम और लाइव ट्रैकिंग लिंक भेजा जाएगा। लिंक खोलते ही एंबुलेंस की लोकेशन दिखाई देगी। आगे इस व्यवस्था को वाट्सएप चैटबॉट और क्यूआर कोड आधारित सुविधा से जोड़ने की तैयारी है।

उल्लेखनीय है कि तमिलनाडु में 'अवसरम 108' और असम में 'असम सिटीजन' ऐप से एंबुलेंस बुक करने और उसकी लोकेशन ट्रैक करने की व्यवस्था है। यह मरीज की लोकेशन चालक तक भी पहुंचाता है, जिससे चालक को मरीज तक पहुंचने में लगने वाला समय घटाने में मदद मिलती है।