हिंदू धर्म में भगवान विष्णु को सृष्टि का पालनहार माना जाता है और उनकी पूजा में चढ़ाए जाने वाले प्रसाद का विशेष महत्व बताया गया है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार श्रीहरि को कुछ खास चीजें बेहद प्रिय हैं, जिन्हें भगवान को अर्पित करने के बाद प्रसाद के रूप में ग्रहण करना शुभ माना जाता है। कहा जाता है कि ऐसा करने से भगवान विष्णु के साथ माता लक्ष्मी का आशीर्वाद भी प्राप्त होता है।

भगवान विष्णु की पूजा में तुलसी का विशेष महत्व माना गया है। धार्मिक मान्यता है कि तुलसी के बिना श्रीहरि का भोग अधूरा रहता है, इसलिए भोग लगाते समय उसमें तुलसी दल जरूर रखा जाता है। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार तुलसी को माता लक्ष्मी का स्वरूप माना जाता है। मान्यता है कि प्रसाद में तुलसी का पत्ता मिलने पर उसे आदरपूर्वक ग्रहण करने से घर में सुख-समृद्धि आती है और परिवार पर भगवान की कृपा बनी रहती है।

भगवान विष्णु और उनके श्रीकृष्ण स्वरूप को पंचामृत तथा माखन-मिश्री का भोग लगाने की परंपरा है। पंचामृत दूध, दही, घी, शहद और शक्कर से तैयार किया जाता है। मान्यता है कि भगवान को अर्पित पंचामृत का प्रसाद ग्रहण करने से जीवन में सुख, शांति और सकारात्मकता बनी रहती है, जबकि माखन-मिश्री खाने से जीवन में मिठास और परिवार में प्रेम बढ़ने की धार्मिक मान्यता है।

भगवान विष्णु को पीला रंग बेहद प्रिय माना जाता है, इसलिए उनकी पूजा में पीले फूल, पीले वस्त्र और पीले रंग की मिठाइयों का विशेष महत्व होता है। श्रीहरि को केसर वाली खीर, बेसन के लड्डू, गुड़-चना और चने की दाल का भोग लगाया जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इन्हें प्रसाद के रूप में ग्रहण करने से घर में धन-धान्य की वृद्धि होती है और माता लक्ष्मी की कृपा बनी रहती है। इस लेख में दी गई जानकारी विभिन्न माध्यमों, मान्यताओं और धर्मग्रंथों से संग्रहित है, इसे अंतिम सत्य न मानें और अपने विवेक का उपयोग करें।