दिल्ली के विवेक विहार इलाके में मंगलवार सुबह करीब 10 बजे एक दो मंजिला इमारत गिर गई। हादसे में एक व्यक्ति और एक बच्चे की मौत हो गई है। मलबे से छह-सात लोगों को निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया है। कुछ लोगों के अब भी मलबे में दबे होने की आशंका है, जिनकी तलाश के लिए रेस्क्यू टीम मौके पर काम कर रही है। मलबे से टूटी हुई कंक्रीट की स्लैब और लोहे की छड़ें बाहर निकली हुई हैं।

गौरतलब है कि इससे पहले 5 नवंबर को एक तीन मंजिला निर्माणाधीन बिल्डिंग गिरने से दो लोगों की मौत हुई थी। दिल्ली में इस साल इमारत गिरने की घटनाओं में अब तक 21 लोगों की जान जा चुकी है और ऐसे पांच बड़े हादसे सामने आए हैं।

इन हादसों में 30 मई को सैदुलाजाब इलाके में वेस्टर्न मार्ग पर चार मंजिला व्यावसायिक इमारत ढह गई थी, जिसमें कोचिंग सेंटर, कैफे और ऑफिस चल रहे थे। मलबा पास की कैंटीन पर भी गिरा, जहां छात्र मौजूद थे। इस हादसे में छह लोगों की मौत और 13 के घायल होने की खबर है।

8 जुलाई को रोहिणी सेक्टर-16 में बारिश के दौरान दो निर्माणाधीन इमारतें ढह गई थीं, जिनमें तीन लोगों की मौत हुई। 21 अगस्त को करोल बाग के रेगरपुरा इलाके में प्यारे लाल रोड पर तोड़े जा रहे एक इमारत का हिस्सा गिरने से एक मजदूर की मौत हुई और दो घायल हुए। 6 सितंबर को सत्य निकेतन इलाके में पांच मंजिला इमारत ढहने से सात लोगों की मौत और पांच के घायल होने की खबर है। 7 अक्टूबर को सीमापुरी इलाके में चार मंजिला इमारत का अगला हिस्सा गिरने से चार लोगों की मौत हुई और आठ घायल हुए।