जिनेवा में खेली जा रही विश्व शतरंज चैंपियनशिप की तीसरी बाजी मौजूदा विश्व चैंपियन भारत के डी गुकेश और उज्बेकिस्तान के जावोखिर सिंदारोव के बीच ड्रॉ रही। काले मोहरों से खेलते हुए गुकेश ने बर्लिन डिफेंस पर मजबूत पकड़ दिखाई और सिंदारोव को आसानी से बराबरी पर रोक दिया। तीन बाजियों के बाद दोनों खिलाड़ियों के खाते में 1.5-1.5 अंक हैं। लगातार तीन दिन खेल होने के बाद शुक्रवार को रेस्ट डे रहेगा।

गुकेश शुरुआती चालों से ही पूरी तैयारी के साथ उतरे और उन्होंने सिंदारोव की बढ़त हासिल करने की कोशिशों का आत्मविश्वास से सामना किया। कंप्यूटर विश्लेषण में कुछ समय के लिए सफेद मोहरों की स्थिति बेहतर दिखने के बावजूद भारतीय खिलाड़ी अपनी स्थिति मजबूत बनाए रखने में सफल रहे। इस ड्रॉ का फायदा यह मिला कि चौथी बाजी में गुकेश के पास सफेद मोहरे होंगे।

सिंदारोव के लिए तीसरी बाजी आसान नहीं रही। ओपनिंग के कठिन और आक्रामक रूप से वह चौंक गए और शुरुआती चालों को समझने में काफी समय खर्च करना पड़ा। एक समय वह समय के मामले में पिछड़ भी गए। दूसरी ओर गुकेश पूरे मुकाबले में सहज नजर आए और उन्होंने शुरुआती चालों में कोई कमजोरी नहीं दिखाई। दोनों खिलाड़ी बेहतर स्थिति बनाने का प्रयास करते रहे, लेकिन कोई निर्णायक बढ़त हासिल नहीं कर सका।

14 बाजियों की इस चैंपियनशिप में अब 11 बाजियां बाकी हैं। सबसे पहले 7.5 अंक हासिल करने वाला खिलाड़ी विश्व चैंपियन बनेगा। यदि 14 बाजियों के बाद स्कोर बराबर रहता है तो विजेता का फैसला छोटे प्रारूप के टाईब्रेकर मुकाबलों से होगा। इस मुकाबले की कुल पुरस्कार राशि 25 लाख डॉलर है। प्रत्येक जीत पर दो लाख डॉलर मिलेंगे, जबकि शेष राशि दोनों खिलाड़ियों में बराबर बांटी जाएगी। टाईब्रेकर की स्थिति में विजेता को 13 लाख डॉलर और उपविजेता को 12 लाख डॉलर मिलेंगे।